सिक्किम सुरंग हादसा: अब तक 22 शव बरामद, 3 मजदूरों की तलाश जारी
गंगटोक । डेस्क: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन 'एनएचपीसी तीस्ता स्टेज VI हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट' की सुरंग में हुए भयानक हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है. सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे सुरंग के भीतर चट्टानों में फंसी मेथेन गैस में संदिग्ध विस्फोट होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसके बाद पूरी सुरंग ढह गई. हादसे के वक्त अंदर 25 मजदूर काम कर रहे थे.
बचाव दल लगातार तीसरे दिन भी राहत व बचाव कार्य में जुटे हुए हैं और सुरंग के भीतर फंसे बाकी 3 मजदूरों की तलाश जारी है.
नामची जिला प्रशासन, राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन की विशेषज्ञ टीमें समन्वय के साथ तेजी से ऑपरेशन चला रही हैं. अधिकारियों के अनुसार अब तक बरामद 22 शवों में से 8 की शिनाख्त हो चुकी है, जिनमें पश्चिम बंगाल, पंजाब, उत्तराखंड, असम और सिक्किम के मजदूर शामिल हैं.
इस हृदयविदारक घटना पर केंद्र और राज्य सरकार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
वहीं, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने भी मृतक परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मदद देने का निर्देश दिया है.
इसके अतिरिक्त, एनएचपीसी (NHPC) की ओर से भी प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये का ex-gratia दिया जाएगा. फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान बचे हुए मजदूरों को बाहर निकालने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाने पर केंद्रित है.