खुद का गला काटा, रोकने आई पत्नी पर ब्लेड से हमला
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित दरभा थाना क्षेत्र के कमानार गांव में बुधवार को दिमागी रूप से परेशान एक शख्स ने खौफनाक कदम उठा लिया. पेशे से किसान और राजमिस्त्री 35 वर्षीय विषम नाग ने अपने ही घर में रखे ब्लेड से खुद की गर्दन काटने की कोशिश की.
जीवन और मौत के बीच झूल रहे पति को देख जब उसकी पत्नी फगनी देवी उसे बचाने दौड़ी, तो मानसिक संतुलन खो चुके विषम ने उस पर भी ब्लेड से वार कर दिया.
इस अचानक हुए हमले में महिला की गर्दन पर भी गहरा घाव हो गया और दोनों खून से लथपथ होकर गिर पड़े.
चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए दोनों पति-पत्नी को मेकाज अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आपातकालीन सर्जरी की और दोनों की गर्दन पर टांके लगाकर उनकी जान बचा ली.
चिकित्सकों के अनुसार समय पर इलाज मिलने की वजह से अब दोनों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि विषम बीते एक महीने से गंभीर मानसिक तनाव और दिमागी परेशानी से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.