बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने से राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता नाराज

C

CG Khabar

18 जुल. 2026, 12:23 PM 4 मिनट में पढ़ें 14

सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक

नई दिल्ली | डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाया जाना गलत है. राहुल गांधी ने X पर लिखा, "मोदी सरकार के मूल सिद्धांत असत्य और हिंसा हैं. शांतिपूर्ण तरीके़ से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक जी को जंतर-मंतर से हटाना ग़लत है. पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रों की आत्महत्याएं भारत के भविष्य से जुड़े बेहद गंभीर मुद्दे हैं."


उन्होंने आगे कहा, "किसी भी तरह की ताक़त छात्रों से प्यार करने और उन पर भरोसा करने वाले लोगों को इन मुद्दों को उठाने से नहीं रोक सकती."

विज्ञापन


दरअसल, शनिवार तड़के दिल्ली पुलिस ने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफ़दरजंग अस्पताल पहुंचाया था.


दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद की गई.


वहीं, विपक्षी नेता दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई की आलोचना कर रहे हैं.


समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाने के मामले पर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.


अखिलेश यादव ने कहा है कि जो लोग सादी वर्दी में इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए आए, उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए.


अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सोनम वांगचुक जी को ‘बल-प्रयोग’ करके, ज़बरदस्ती आमरण अनशन स्थल से उठाकर ले जाना अत्यंत निंदनीय समाचार है. आज सुबह घटी ये घटना थोड़ी ही देर में पूरे देश और संपूर्ण विश्व में फैल चुकी है. सारी दुनिया और देशभर में सोनम वांगचुक जी को लेकर गहरी चिंता है और बीजेपी सरकार के ख़िलाफ़ आक्रोश भी. जो लोग सादी वर्दी में इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए धोखे से अचानक घुसे थे, उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए."


उन्होंने लिखा, "हमारी पुरज़ोर मांग है कि सोनम वांगचुक की चिकित्सा न्यायिक निगरानी में हो क्योंकि उनका जीवन मानवता, पर्यावरण-संरक्षण, लोकतांत्रिक मूल्यों, युवा ऊर्जा की प्रेरणा, साइंस और इनोवेशन के लिए अनमोल है."


कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे संवैधानिक अधिकार पर हमला बताया.


उन्होंने एक्स पर लिखा, "हमारा संविधान हर नागरिक को अपनी आवाज़ उठाने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का बुनियादी अधिकार देता है. लेकिन आज गृह मंत्रालय का रवैया देखकर लगता है कि उसने इसी संवैधानिक अधिकार को अपना निशाना बना लिया है."


"दिल्ली पुलिस सीधे गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है और कल ही इसी मंत्रालय ने दिल्ली को नया पुलिस कमिश्नर दिया है. अगर आज की बर्बर कार्रवाई कमिश्नर साहब का पहला संदेश है, तो इससे साफ़ पता चलता है कि उनकी वफ़ादारी संवैधानिक कर्तव्य से ज़्यादा सत्ता के प्रति है."


खेड़ा ने कहा, "आज की घटना ने एक बार फिर इसकी सोच को बेनकाब कर दिया है. इस सरकार के लिए शांतिपूर्ण विरोध किसी नागरिक का बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार नहीं, बल्कि एक "कानून एवं व्यवस्था" की समस्या है, जिसे डंडे के ज़ोर पर कुचल देना चाहिए."


मणिपुर की सामाजिक कार्यकर्ता इरोम शर्मिला ने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीयों को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का साथ देना चाहिए.


उन्होंने कहा कि व्यवस्था को ठीक करने की ज़िम्मेदारी सिर्फ़ वांगचुक की नहीं है, बल्कि हर उस नागरिक की है, जिसके अंदर सही-ग़लत की समझ है और जो बदलाव लाना चाहता है.


इरोम शर्मिला ने न्यूज़ वेबसाइट स्क्रॉल डॉट इन से बातचीत में कहा, “यह सिर्फ़ सोनम की ज़िम्मेदारी नहीं है और लोगों को यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि वह अकेले अपनी जान दे दें. यह सबकी साझा लड़ाई और मांग है. सभी लोगों को उनका साथ देना चाहिए. अगर सभी लोग सड़क पर उतरेंगे, तो सुरक्षा बल भी कम पड़ जाएंगे और सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना होगा.”


उन्होंने कहा, “सामाजिक बदलाव के लिए किसी साझा मुद्दे पर लगातार कोशिश और एकजुट आवाज़ ज़रूरी है. किसी एक प्रदर्शनकारी को अकेला छोड़कर उसे अपनी जान देने के लिए नहीं छोड़ना चाहिए.”


इरोम शर्मिला पूर्वोत्तर भारत में सेना को विशेष अधिकार देने वाले क़ानून, एएफ़एसपीए (सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम) को हटाने की मांग को लेकर 16 साल (नवंबर 2000 से अगस्त 2016 तक) तक भूख हड़ताल पर रहने के लिए पूरी दुनिया में चर्चित रहीं.


जब इरोम शर्मिला ने भूख हड़ताल शुरू की थी, तब उनकी उम्र 28 साल थी, अब उनकी उम्र 53 वर्ष हो चुकी है.


सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे ने एक वीडियो जारी कर सरकार से बातचीत की अपील की है.


उन्होंने कहा, "सरकार को किसी दुखद स्थिति का इंतज़ार नहीं करना चाहिए और बातचीत करने में कोई हर्ज़ नहीं है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP