अंतरजातीय विवाह पर वकील दंपति का सामाजिक बहिष्कार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के देओरी गांव में एक वकील दंपति को समाज से बाहर विवाह करने की भारी कीमत चुकानी पड़ रही है. सितंबर 2025 में एडवोकेट नेमीचंद वर्मा (लोधी समाज) और वकील प्रमिला सोनकर (अन्य जाति) के विवाह के बाद, खुद को सामुदायिक नेता बताने वाले कुछ लोगों ने दंपति का 'हुक्का-पानी बंद' (सामाजिक बहिष्कार) कर दिया.
पीड़ित दंपति का आरोप है कि पंचों के कहने पर उन्होंने 35,000 रुपये का जुर्माना भरा और समाज के करीब 1,000 लोगों को प्रीतिभोज भी कराया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्वीकार नहीं किया गया.
शादी, अंतिम संस्कार और धार्मिक आयोजनों से बेदखल तथा लगातार मानसिक उत्पीड़न का शिकार होने के बाद इस वकील जोड़े ने खैरागढ़ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर जांच शुरू कर दी है.
खैरागढ़ SP लक्ष्य शर्मा के अनुसार, कार्यपालक मजिस्ट्रेट और पुलिस की एक संयुक्त टीम समाज के बुजुर्गों व पीड़ित पक्ष के साथ बैठक कर काउंसलिंग के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है.
इस घटना ने एक बार फिर राज्य में सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ कड़े कानून की जरूरत पर बहस छेड़ दी है, क्योंकि विशिष्ट कानून न होने के कारण पुलिस की भूमिका भी सीमित हो जाती है.