सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

सोनम वांगचुक की हिरासत अवैध, सरकार अपना रही देरी की रणनीति: गीतांजलि अंगमो

C

CG Khabar

19 जन. 2026, 12:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 16

गीतांजलि अंगमो
गीतांजलि अंगमो

नयी दिल्ली । डेस्क: जलवायु कार्यकर्ता और मैग्सेसे पुरस्कार विजेता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने उनकी हिरासत को "अवैध" करार देते हुए कहा है कि यह देश में लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति को दर्शाता है. एक साक्षात्कार में सुश्री अंगमो ने आरोप लगाया कि वांगचुक के खिलाफ मामला पूरी तरह से निराधार है और सरकार अदालत में बार-बार नई तारीखें मांगकर केवल समय बर्बाद करने की रणनीति अपना रही है. 


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत की गई इस कार्रवाई में गंभीर "प्रक्रियात्मक खामियां" हैं, जिसके आधार पर यह मामला तुरंत खारिज कर दिया जाना चाहिए.

विज्ञापन


गीतांजलि अंगमो ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के नियमों के अनुसार हिरासत के आधार से जुड़े दस्तावेज 5 से 10 दिनों के भीतर मिलने चाहिए थे, लेकिन वांगचुक को संबंधित वीडियो 28 दिनों के बाद दिए गए, जिससे उन्हें अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने के अधिकार से वंचित रखा गया. 


उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन प्राथमिकियों (FIR) का हवाला दिया गया है, उनमें से कई पुरानी हैं और कुछ में तो उनका नाम तक नहीं है. 


उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट पर बिना दिमाग लगाए पुलिस के प्रस्ताव को "कॉपी-पेस्ट" करने का भी आरोप लगाया. 


वांगचुक की पत्नी ने समाज में बढ़ती ध्रुवीकरण की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नागरिकों से पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सोचने की अपील की और कहा कि यह लड़ाई केवल एक व्यक्ति की नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP