मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

सोनम वांगचुक को पुलिस अस्पताल ले गई

C

CG Khabar

18 जुल. 2026, 12:02 AM 5 मिनट में पढ़ें 15

सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक

नई दिल्ली | संवाददाता: NEET परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के दिल्ली पुलिस उठा कर, सफदरजंग अस्पताल ले गई. वांगचुक पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर थे और शनिवार को उनकी भूख हड़ताल का 21वां दिन था.


पुलिस का कहना है कि वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें प्रदर्शन स्थल से अस्पताल ले जाया गया. इस दौरान जंतर-मंतर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी.

विज्ञापन


वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं. 


कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें अपने कब्जे में लिया.


सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने एक्स पर दावा किया कि अभिजीत दीपके को उनके ठहरने के स्थान पर ही रोक लिया गया, जबकि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाया जा रहा था. दास ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.


दूसरी ओर, नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त ने पुलिस की कार्रवाई को न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप बताया. डीसीपी ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के आधार पर सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, उनकी सेहत लगातार खराब हो रही थी और चिकित्सकीय हस्तक्षेप जरूरी हो गया था.


पुलिस ने यह भी कहा कि अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, जिससे हल्की अफरा-तफरी की स्थिति बनी. हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की. साथ ही जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक स्थल खाली करने की अपील भी की गई.


इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में दिल्ली हाई कोर्ट का हालिया आदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अदालत ने कुछ दिन पहले केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखें और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आवश्यक कदम उठाएं. यह पहली बार था जब अदालत ने इस प्रदर्शन के मामले में हस्तक्षेप किया.


दो सदस्यीय खंडपीठ ने उस याचिका पर सुनवाई के दौरान यह निर्देश दिया था, जिसमें मांग की गई थी कि वांगचुक की हालत गंभीर होने से पहले उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए. अदालत ने स्पष्ट किया था कि यदि डॉक्टरों की राय में उनकी स्थिति चिंताजनक होती है, तो उन्हें अस्पताल ले जाने सहित सभी जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं.


उल्लेखनीय है कि सीजेपी ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने का आह्वान किया है. संगठन का कहना है कि इस मार्च के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग को और मुखर किया जाएगा. ऐसे में वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई के बाद इस आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.


20 प्रतिशत शरीर खत्म


इससे पहले शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर सोनम वांगचुक ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति और आंदोलन को लेकर बात की.


वीडियो संदेश में वांगचुक ने कहा कि अनशन के दौरान उनके शरीर का क़रीब 20 फ़ीसदी हिस्सा ख़त्म हो चुका है, लेकिन उनका दिमाग़ अब भी पूरी तरह से काम कर रहा है.


उन्होंने कहा, "मैं अभी भी ज़िंदा हूं. मेरे शरीर का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा चला गया है. शरीर के फ़ैट्स के बाद अब मसल्स (मांसपेशियां) भी जा चुके हैं. इसके बाद अंदरूनी ऑर्गन जाएंगे और आख़िर में दिमाग़. लेकिन अभी वो नौबत नहीं आई है. आज 20वां दिन ख़त्म हो रहा है और मैं साबित कर सकता हूं कि मेरा दिमाग़ बिल्कुल ठीक काम कर रहा है."


"यहां बहुत से लोग पूछते हैं कि आंदोलन की वजह से क्या केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा होगा या कोई जवाबदेही तय होगी? मैं आपसे पूछता हूं, भारत की जनता को अपने बच्चों की जान और शिक्षा ज़्यादा प्यारी है या प्याज़? भारत में जनता के आंदोलन की ताक़त से तीन बार सरकारें गिरी हैं. 1980 में केंद्र सरकार गिरी, 1998 में दिल्ली और राजस्थान की सरकारें गिरीं, वो आंदोलन सिर्फ़ प्याज़ की क़ीमतों को लेकर था."


वांगचुक ने कहा कि इस बार मुद्दा प्याज़ नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य और जीवन का है. उन्होंने दावा किया कि इस साल नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के कारण 20 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या की है. उन्होंने सवाल किया कि क्या इस मुद्दे पर भी शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा नहीं होना चाहिए.


उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को प्रस्तावित शांतिपूर्ण संसद मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की.


वांगचुक ने कहा, "20 जुलाई को मेरे साथ संसद की ओर मार्च कीजिए. हमारी असली ताक़त आपकी संख्या है. मैं अकेला, भूखा और एक साधारण इंसान हूं. ताक़त आप लोगों की है. हम सिर्फ़ छात्रों के लिए जवाबदेही की मांग कर रहे हैं."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
अभिषेक बनर्जी- तृणमूल कांग्रेस के नेता और डायमंड हार्बर से सांसद
देश-विदेश

जजों को 'बीजेपी के हाथों बिका' बताने पर अभिषेक बनर्जी को HC का अवमानना नोटिस

2 घंटे पहले

जयराम रमेश- कांग्रेस महासचिव
देश-विदेश

बढ़ती महंगाई और बंद होती फैक्ट्रियों को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर निशाना

2 घंटे पहले

दिल्ली में इमारत ढही
देश-विदेश

दिल्ली के विवेक विहार में जमींदोज हुई पुरानी इमारत, 3 साल की बच्ची और एक शख्स की मौत

3 घंटे पहले

जेन्सन हुआंग- Nvidia के पूर्व अधिकारी जिन्होने इस्तीफा दिया है
देश-विदेश

ट्रंप और मस्क की पैरवी भी बेअसर, जेन्सेन हुआंग की वापसी के दरवाजे बंद

4 घंटे पहले

सड़क दुर्घटना- टिहरी गढ़वाल
देश-विदेश

उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत, 26 घायल

4 घंटे पहले

यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट
देश-विदेश

मिडिल ईस्ट पहुंचा अमेरिका का तीसरा महाविनाशक पोत, क्या फिर भड़केगी ईरान से जंग?

10 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP