संसद में उठाई जाए शिक्षा की जवाबदेही तो तोड़ेंगे अनशन- गीतांजलि आंगमो
नई दिल्ली । डेस्क: नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर एक बड़ा मोड़ आया है. अस्पताल में जबरन भर्ती कराए जाने के बावजूद अपना अनशन जारी रखे हुए सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने रविवार को स्पष्ट किया कि उनके पति अपनी हड़ताल खत्म करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते राजनीतिक दल एक बड़ा आश्वासन दें.
उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता सफदरजंग अस्पताल में सोनम से मुलाकात कर यह भरोसा दिलाते हैं कि वे सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में 'शिक्षा की जवाबदेही' का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे, तो वांगचुक सोमवार को ही अपना आमरण अनशन समाप्त कर देंगे.
इसके साथ ही गीतांजलि आंगमो ने कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा सोमवार को आयोजित किए जाने वाले 'चलो संसद' मार्च को लेकर सोनम वांगचुक का एक विशेष संदेश भी समर्थकों तक पहुंचाया.
उन्होंने कहा कि वांगचुक ने सभी से इस मार्च को पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण रखने की अपील की है ताकि कोई भी इस आंदोलन का गलत इस्तेमाल न कर सके.
वहीं, जंतर-मंतर पर इस मार्च को लेकर हलचल तेज हो गई है और देश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी वहां पहुंच चुके हैं.
सीजेपी नेताओं के मुताबिक, सत्र शुरू होने से पहले ही करीब 20,000 लोग जंतर-मंतर के आसपास डेरा डाल चुके हैं.
इस बीच, डॉक्टरों की टीम वांगचुक की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि लंबे उपवास के कारण उनके कुछ ब्लड पैरामीटर्स में गड़बड़ी है, जिसके चलते एम्स और सफदरजंग के डॉक्टरों की संयुक्त टीम चौबीसों घंटे उनकी निगरानी कर रही है, हालांकि वर्तमान में उनकी हालत स्थिर और सचेत बनी हुई है.