छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के कार्यों में लाएं तेजी- अरुण साव
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) की समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित कार्यों को बेहतर प्लानिंग के साथ जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा फंड का आवंटन जमीनी स्तर पर काम की गति और उसकी गुणवत्ता को देखकर ही तय किया जाएगा.
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिन गांवों में जल जीवन मिशन का काम पूरा हो चुका है, वहां 'हर घर जल' स्टेटस का सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराया जाए और इसके संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी तुरंत ग्राम पंचायतों या स्थानीय निकायों को सौंपी जाए.
गर्मियों में पेयजल की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता से सुधारने और जरूरत पड़ने पर नए ट्यूबवेल खोदने के निर्देश दिए. इसके अलावा, आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने दूषित जलापूर्ति को रोकने, नालियों से गुजरने वाली पाइपलाइनों को बदलने और नियमित रूप से जल गुणवत्ता की जांच करने को कहा ताकि जल जनित बीमारियों से बचा जा सके.
उन्होंने भविष्य की जल सुरक्षा के लिए वर्षा जल संचयन (रेनवाटर हार्वेस्टिंग), जल स्रोतों के कायाकल्प और वृक्षारोपण पर भी विशेष जोर दिया.
बैठक में अधिकारियों ने प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि राज्य के 7,060 गांवों ने 'हर घर जल' का दर्जा हासिल कर लिया है, जिनमें से 6,018 गांवों का सत्यापन हो चुका है.
इसके अतिरिक्त, मिशन के तहत साल 2026-27 तक 13,183 और साल 2027-28 तक 7,352 चालू योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 30,624 सिंगल-फेज पावर पंपों, 15,616 सौर ऊर्जा संचालित पंपों और 9,385 पाइप जलापूर्ति योजनाओं के माध्यम से पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस गर्मी के मौसम में अब तक 19,807 खराब हैंडपंपों को ठीक किया जा चुका है.