तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 1 की मौके पर ही मौत, 1 गंभीर
जांजगीर-चांपा । संवाददाता: जिले के हसौद इलाके में गुरुवार की देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें एक बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए. हसौद-परसदा मार्ग पर स्थित कश्यप ढाबा के पास हुए इस हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है.
प्राप्त विवरण के मुताबिक, ग्राम डोटमा (बरेकेल) के रहने वाले दिलेश्वर पटेल (पिता रेशम लाल पटेल) अपने साथी किशन पटेल (पिता जगदीश पटेल) के साथ होंडा लीवो मोटरसाइकिल पर सवार होकर हसौद से अपने गांव वापस जा रहे थे.
जैसे ही उनकी बाइक कश्यप ढाबा के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलेश्वर पटेल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं, बाइक पर पीछे बैठे किशन पटेल को गंभीर चोटें आई हैं. दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल किशन को जैजैपुर के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे की खबर मिलते ही हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है.