पुरी रथयात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति, दम घुटने से 2 की मौत, 200 अस्पताल में भर्ती
पुरी । डेस्क: ओडिशा के पवित्र तटीय शहर पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध वार्षिक जगन्नाथ रथयात्रा उत्सव के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है. रथयात्रा के भव्य आयोजन के बीच मची भगदड़ जैसी स्थिति और अत्यधिक भीड़ के कारण दम घुटने से कम से कम 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. इस घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है.
चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा पुरी के मरीचिकुंड चौराहे के पास हुआ. वहां मौजूद एक श्रद्धालु ने बताया कि अचानक बाहरी घेरे की रस्सी की बैरिकेडिंग टूट गई या फिर भारी दबाव के कारण कुछ लोग अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद देखते ही देखते 40 से 50 लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई.
इस बीच, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भीषण उमस, लगातार हो रही बारिश और श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ के चलते अब तक लगभग 200 मरीजों को पुरी के मुख्य अस्पताल और अस्थायी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है. इनमें से अधिकांश लोग दम घुटने और भीड़ के दबाव से आई चोटों की शिकायत कर रहे हैं.
इससे पहले, गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की नौ दिवसीय रथयात्रा की शुरुआत बेहद उत्साह और आस्था के साथ हुई थी. लाखों की संख्या में श्रद्धालु इस भव्य नजारे के गवाह बनने पुरी पहुंचे थे. सुबह के समय पवित्र भाई-बहनों और अन्य देवी-देवताओं को 12वीं सदी के श्री जगन्नाथ मंदिर से उनके सुसज्जित रथों तक लाने की 'पहांडी बिजे' रस्म तय समय से पहले ही शुरू हो गई थी.
इस पारंपरिक और भव्य जुलूस के दौरान शंख, घंटा, काहली (तुरही) और तेलंगी बाजा जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की दिव्य ध्वनि से पूरा वातावरण गूंज उठा था. पुजारियों द्वारा किए जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक ओडिसी कलाकारों के मनमोहक नृत्य के बीच देवताओं का स्वागत किया गया.
यह रथयात्रा देवताओं की उनके जन्मस्थान माने जाने वाले गुंडीचा मंदिर की नौ दिवसीय यात्रा है. हालांकि, 'पहांडी बिजे' की रस्म भले ही समय से पहले शुरू हो गई थी, लेकिन भारी भीड़ और अव्यवस्था के चलते इसे पूरा होने में दो घंटे से अधिक की देरी हो गई. फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और घायलों को त्वरित इलाज मुहैया कराने में जुटा हुआ है.