उत्तराखंड में 'परिवार रजिस्टर' की होगी राज्यव्यापी जांच
देहरादून । डेस्क: उत्तराखंड में जनसांख्यिकीय परिवर्तन की आशंकाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने वर्ष 2003 से लेकर अब तक के सभी 'परिवार रजिस्टरों' की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि बाहरी और अपात्र व्यक्तियों के नाम फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्टर में दर्ज होने की शिकायतों को सरकार ने गंभीरता से लिया है.
शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में सीएम धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तुरंत परिवार रजिस्टरों की प्रतियों को अपनी अभिरक्षा में लें ताकि रिकॉर्ड के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न की जा सके.
इस विशेष अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और शहरी क्षेत्रों में अपर जिलाधिकारी (ADM) द्वारा गहन जांच की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए नाम दर्ज पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
राज्य सरकार का मानना है कि परिवार रजिस्टर मूल निवास प्रमाण पत्र का एक महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसकी शुचिता बनाए रखना आवश्यक है.
अब पंजीकरण की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा, जिसके तहत नाम दर्ज करने का अधिकार केवल सहायक विकास अधिकारियों के पास होगा, जबकि किसी भी विवाद की स्थिति में अपील केवल उप-जिलाधिकारी (SDM) के पास की जा सकेगी.