आवारा कुत्ते का आतंक, 22 लोगों को काटकर किया जख्मी
अंबिकापुर । संवाददाता: राजिम तथा इसके सीमावर्ती इलाकों में रविवार को एक पागल कुत्ते ने भारी दहशत फैला दी. राह चलते आम लोगों और निर्दोष बच्चों पर अचानक हुए इस हमले में कुल 22 लोग घायल हो गए.
घटना के फौरन बाद सभी पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां तैनात डॉक्टरों ने त्वरित इलाज शुरू किया.
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. स्नेहलता हुमने के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत सभी घायलों को तत्काल एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई है. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी घायलों की हालत स्थिर व खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इस भयावह घटना से सबक लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा कदम उठाया है और स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया है.
विभाग की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा एसडीएम (राजिम) को पत्र जारी कर क्षेत्र में सक्रिय आवारा व आक्रामक कुत्तों को तुरंत पकड़ने का अभियान चलाने को कहा गया है.
इसके साथ ही आम जनता के लिए बेहद जरूरी एडवाइजरी भी जारी की गई है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि कुत्ते या बंदर जैसे जानवरों के काटने पर किसी भी तरह के झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के चक्कर में पड़कर समय बर्बाद न करें.
ऐसे मामलों में घाव को कम से कम 10 से 15 मिनट तक साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोकर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचना चाहिए. समय पर लगाया गया एंटी-रेबीज टीका ही इस जानलेवा बीमारी से बचाव का एकमात्र जरिया है. क्षेत्र में कोई भी हिंसक जानवर दिखने पर तुरंत नगर पालिका को सूचना देने की सलाह दी गई है.