SC: HC सुरक्षित फैसला 3 महीने में सुनाए, बेल ऑर्डर अगले दिन दें
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए देश के सभी हाई कोर्ट के लिए किसी भी मामले में फैसला सुरक्षित रखने के बाद उसे सुनाने की 3 महीने की सख्त समय-सीमा तय कर दी है. जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने आदेश दिया कि अगर इस तय समय-सीमा के भीतर फैसला नहीं सुनाया गया, तो मामले को दूसरी पीठ को सौंप दिया जाएगा.
इसके साथ ही अदालत ने जमानत प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जमानत के मामलों में आदेश आदर्श रूप से अगले ही दिन सुनाया जाना चाहिए और उसी दिन उसे जेल प्रशासन को भेजा जाना चाहिए.
कोर्ट ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जमानत मिलने के बाद विचाराधीन कैदियों को उसी दिन या अधिकतम अगले दिन तक हर हाल में जेल से रिहा कर दिया जाए.
नए नियमों के मुताबिक, फैसले का मुख्य कार्यकारी हिस्सा अदालत में घोषित होना चाहिए और उसके विस्तृत कारणों को एक सप्ताह के भीतर वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा.
अदालत ने सभी हाई कोर्ट की वेबसाइटों पर फैसला सुरक्षित रखने की तारीख को भी प्रदर्शित करने का आदेश दिया है, और इस फैसले की प्रतियां सभी मुख्य न्यायाधीशों के समक्ष रखने के निर्देश दिए हैं.