सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: माता-पिता दोनों IAS, तो बच्चों को आरक्षण क्यों ?
नई दिल्ली । डेस्क: देश की आरक्षण नीति को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील टिप्पणी की है. एक मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने सवाल उठाया कि जो परिवार आर्थिक रूप से संपन्न हैं और शैक्षणिक स्तर पर काफी आगे बढ़ चुके हैं, क्या वास्तव में उन्हें अब भी आरक्षण की आवश्यकता है?
न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां की पीठ पिछड़े वर्ग के आरक्षण से जुड़े एक मामले की सुनवाई कर रही थी. सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति नागरत्ना ने दो टूक शब्दों में पूछा, "अगर माता-पिता दोनों ही आईएएस (IAS) अधिकारी हैं, तो उनके बच्चों को भी आरक्षण का लाभ क्यों मिलना चाहिए? यह एक ऐसा विषय है जिस पर हमें गंभीरता से विचार करना होगा. आखिर इसका क्या लाभ है? आपको आरक्षण मिला, आपने पढ़ाई की, अच्छी नौकरी हासिल की और आपकी आय भी अच्छी है. इसके बाद भी अगर आपके बच्चे आरक्षण की मांग कर रहे हैं, तो मुझे लगता है कि ऐसे परिवारों को अब आरक्षण के दायरे से खुद ही बाहर आ जाना चाहिए."
सर्वोच्च न्यायालय ने अपने अवलोकन में यह भी कहा कि किसी परिवार में एक पीढ़ी की शैक्षणिक योग्यता और आर्थिक प्रगति उनके सामाजिक स्तर को बदल देती है. ऐसे में भविष्य में उनके लिए आरक्षण की प्रासंगिकता पर सवाल उठना लाजिमी है.
अदालत के अनुसार, जो सक्षम परिवार अपने बच्चों के लिए आरक्षण की मांग जारी रखते हैं, वह अनुचित है और किसी न किसी मोड़ पर उन्हें इस व्यवस्था से बाहर निकलना ही होगा.
गौरतलब है कि अतीत में भी अदालतों ने आर्थिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत परिवारों को आरक्षण के दायरे से बाहर रखने के निर्देश दिए हैं, जिन्हें लगातार कोर्ट में चुनौती दी जाती रही है. इस पर टिप्पणी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि आरक्षण का लाभ केवल उन्हीं को मिलना चाहिए जिन्हें इसकी सच में जरूरत है, और इस पूरी व्यवस्था में एक सही संतुलन होना बेहद जरूरी है.