सुप्रीम कोर्ट: विशेष परिस्थितियों में पेलेट गन के इस्तेमाल का अधिकार
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि विशेष और असाधारण परिस्थितियों में पुलिस को पेलेट गन का इस्तेमाल करने का अधिकार प्राप्त है. इसके साथ ही, शीर्ष अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान तैनात रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के गोला-बारूद के लॉग (Ammunition Log) को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा आयोजित 20 जुलाई के प्रदर्शन में पेलेट गन के उपयोग से जुड़े मामले की जांच करने पर सहमति जताई है.
अदालत पूर्व केंद्रीय सूचना आयुक्त यशोवर्धन आजाद और दो पीड़ितों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें विरोध प्रदर्शनों पर पूरी तरह से धात्विक (मेटैलिक) पेलेट गन के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की गई थी.
ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरडी) की एडवाइजरी का हवाला देते हुए अदालत ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस के पास असाधारण स्थितियों में पेलेट गन का उपयोग करने का अधिकार है. इसके साथ ही पीठ ने दिल्ली सरकार को इस प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया.
याचिकाकर्ता यशोवर्धन आजाद और घायलों ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दाखिल इस जनहित याचिका में पूरे देश में पंप-एक्शन या प्रोजेक्टाइल-एक्शन गन से दागे जाने वाले पेलेट हथियारों पर प्रतिबंध, पीड़ितों के लिए मुआवजे और पुनर्वास की मांग की है.