अनवर ढेबर की जमानत याचिका पर SC ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांगा जवाब
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले और अवैध कमीशन रैकेट मामले में आरोपी कारोबारी अनवर ढेबर की जमानत याचिका पर सोमवार को छत्तीसगढ़ सरकार को नोटिस जारी किया है. चीफ जस्टिस सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की पीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से 3 जून तक जवाब दाखिल करने को कहा है.
इससे पहले 13 मई को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अनवर ढेबर की जमानत याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उनके खिलाफ लगे आरोप राज्य निगम के भीतर एक "गहरी और सुनियोजित भ्रष्टाचार प्रणाली" की ओर इशारा करते हैं.
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि सार्वजनिक धन से जुड़े आर्थिक अपराधों को अधिक गंभीरता से लिया जाना चाहिए, क्योंकि बड़े पैमाने पर सार्वजनिक धन का नुकसान देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है.
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के भीतर कथित तौर पर एक संगठित तंत्र काम कर रहा था. इसमें जनशक्ति आपूर्ति (मैनपावर सप्लाई) करने वाली एजेंसियों को अपने वैध बिलों और बकाये के भुगतान के लिए अवैध रूप से कमीशन देने पर मजबूर किया जाता था.
इस कमीशन की रकम को बिचौलियों के जरिए ट्रांसफर किया जाता था. इस मामले को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भारतीय दंड संहिता (IPC) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया है.