UGC की नई इक्विटी रेगुलेशन पर सुप्रीम कोर्ट की रोक
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को एक अहम फैसले में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) की नई इक्विटी रेगुलेशन 2026 पर रोक लगा दी है. अदालत ने कहा कि इस मामले में दोबारा गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. यह फैसला केंद्र सरकार और UGC के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जबकि नई नियमावली का विरोध कर रहे छात्रों के लिए इसे बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने केंद्र सरकार और UGC को नोटिस जारी करते हुए कहा कि फिलहाल 2012 की पुरानी UGC रेगुलेशन ही लागू रहेंगी.
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि उसे उम्मीद है कि भारत अमेरिका जैसे अलग-थलग (सेग्रेगेटेड) स्कूलों की ओर नहीं बढ़ रहा है. अदालत ने सवाल उठाया “क्या भारत एक प्रतिगामी समाज बनता जा रहा है?”
पीठ ने यह भी कहा कि देश की एकता शिक्षा संस्थानों में भी दिखनी चाहिए.
अदालत ने नई रेगुलेशन के रेगुलेशन 3(सी) पर गंभीर आपत्ति जताई, जो जाति आधारित भेदभाव को परिभाषित करता है. कोर्ट का कहना था कि इस प्रावधान में स्पष्टता की कमी है और इसका दुरुपयोग हो सकता है. इसलिए इसकी भाषा को दोबारा संशोधित करने की जरूरत है.
गौरतलब है कि 13 जनवरी को अधिसूचित नई UGC रेगुलेशन के तहत सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में “इक्विटी कमेटी” बनाने का प्रावधान किया गया था. इन समितियों में OBC, SC, ST, दिव्यांग और महिलाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करना अनिवार्य किया गया है. यह व्यवस्था 2012 की सलाहात्मक नियमावली की जगह लाई गई थी.
लेकिन इन नए नियमों के खिलाफ देशभर में विरोध शुरू हो गया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि नई रेगुलेशन में जाति आधारित भेदभाव की परिभाषा बहुत संकीर्ण है और इसे केवल SC, ST और OBC तक सीमित कर दिया गया है. इससे सामान्य वर्ग के छात्रों को संस्थागत सुरक्षा और शिकायत निवारण से बाहर कर दिया गया है.
छात्र संगठनों ने यह भी कहा कि नई नियमावली समानता को बढ़ावा देने के बजाय भेदभाव को बढ़ा सकती है, क्योंकि इसमें जनरल कैटेगरी के छात्रों के लिए किसी तरह का अनिवार्य प्रतिनिधित्व नहीं रखा गया है.
लगातार बढ़ते विरोध और कई याचिकाओं के बाद सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल नई UGC इक्विटी रेगुलेशन पर रोक लगा दी है और मामले की अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है.