अरावली खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पट्टा धारकों को राहत देने से इनकार
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अरावली पहाड़ियों और पर्वत श्रृंखलाओं में खनन को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल खनन पट्टा धारकों (Mining lease holders) के पक्ष में कोई भी आदेश पारित नहीं करेगा. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची की पीठ ने टिप्पणी की कि अरावली क्षेत्र में जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर मिल रहा फीडबैक "काफी परेशान करने वाला" है.
शीर्ष अदालत 'अरावली पहाड़ियों और पर्वत श्रृंखलाओं की परिभाषा और सहायक मुद्दे' पर एक स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई कर रही है. पीठ ने कहा कि यह एक बेहद संवेदनशील मामला है और जब तक अदालत पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाती, तब तक किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मामले की टुकड़ों में सुनवाई नहीं करेगा.
उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर, 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की एक समान परिभाषा को स्वीकार करते हुए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात में फैली इस पर्वत श्रृंखला में नए खनन पट्टों पर रोक लगा दी थी.
हालांकि, बाद में पर्यावरणविदों की चिंताओं और परिभाषा में "महत्वपूर्ण अस्पष्टताओं" को देखते हुए इस पर रोक लगा दी गई थी. फिलहाल, 2010 की एफएसआई (FSI) रिपोर्ट के आधार पर बिना पूर्व अनुमति के खनन पर पाबंदी जारी है. कोर्ट अब इस क्षेत्र की पारिस्थितिक अखंडता को बचाने के लिए विशेषज्ञों के पैनल के सुझावों का इंतजार कर रहा है.