सूरजपुर: एंबुलेंस नहीं पहुंची, खेत में कराना पड़ा प्रसव
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर ब्लॉक की धुरिया ग्राम पंचायत में एक गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस उसके घर तक नहीं पहुंच सकी. इसका मुख्य कारण गांव की संपर्क सड़क पर हुआ अतिक्रमण और बारिश के कारण बिगड़ी स्थिति थी.
नतीजतन, कोई दूसरा रास्ता न होने के कारण गांव की महिलाओं को खेत के बीचों-बीच ही महिला का प्रसव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा. इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचों के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिला के घर से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाला कोई पक्का रास्ता नहीं है. जिस जमीन का उपयोग रास्ते के रूप में होता था, उस पर खेती के लिए अवैध कब्जा कर लिया गया है. बारिश के दिनों में यह कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे गाड़ियों का आवागमन असंभव हो जाता है.
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि वे पिछले तीन महीनों से इस अतिक्रमण और रास्ते की समस्या को लेकर नायब तहसीलदार के दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं. इसके अलावा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण के लिए कोई प्रशासनिक कदम नहीं उठाया गया.
मामला मीडिया में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने माना कि सड़क न होने के कारण ही एंबुलेंस मरीज के घर तक नहीं पहुंच पाई थी.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कपिल देव पैकरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रास्ते के अभाव में महिला का प्रसव खेत में कराना पड़ा और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है. फिलहाल, जच्चा-बच्चा की सुरक्षा और क्षेत्र में रास्ते के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है.