सरगुजा: ACB के 3 फर्जी अफसर गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के नाम पर धौंस जमाकर ठगी की कोशिश करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पकड़े गए आरोपियों में लखनपुर का सौरभ प्रजापति (24), जांजगीर-चांपा का राजेशपुरी गोस्वामी (43) और गांधीनगर का रंजीत गुप्ता (40) शामिल हैं.
गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मारुति एक्सएल 6 कार भी जब्त की है.
दरअसल, यह पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां शराब की दुकान पर मिले इन तीनों युवकों ने पैसे दिए बिना शराब हासिल करने का प्लान बनाया.
इसी रणनीति के तहत सौरभ प्रजापति ने जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ को कॉल किया. उसने खुद को ACB का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए दावा किया कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं. इसके बाद उसने रेस्ट हाउस में खाने-पीने का इंतजाम करने, 6 बोतल शराब और 1 लाख रुपये नकद भेजने का रौब झाड़ा.
हालांकि, आबकारी अधिकारी गायकवाड़ को फर्जी अफसर की बातचीत पर तुरंत संदेह हो गया.
उन्होंने बिना कोई देरी किए शराब या पैसे भेजने के बजाय सीधे गांधीनगर थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करा दी.
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मोबाइल नंबर ट्रेस कर आरोपी सौरभ प्रजापति को हिरासत में ले लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम उजागर कर दिए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया.