1 करोड़ की इनामी CCM सुजाता ने किया समर्पण
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में सक्रिय रही माओवादी संगठन की सेंट्रल कमेटी मेंबर सुजाता ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. सुजाता माओवादी कमांडर किशनजी की पत्नी है.
सुजाता पर सरकार ने एक करोड़ रुपए का इनाम रखा था. बस्तर में हुई कई बड़ी नक्सल घटनाओं में इसका नाम रहा है. सुजाता के साथ 3 और माओवादियों ने समर्पण किया है.
आज यानी शनिवार को तेलंगाना पुलिस प्रेसवार्ता कर इसका खुलासा करेगी.
सुजाता नक्सली संगठन के सेंट्रल कमेटी की मेंबर है. वह माओवादियों के दक्षिण सब जोनल ब्यूरो की इंचार्ज थी. वह लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के बस्तर में सक्रिय रही है. उसके नाम पर कई बड़ी नक्सली वारदातें दर्ज हैं.
सुजाता की तुलना 'चंदन तस्कर' वीरप्पन से की जाती थी. माना जाता है कि वह माओवादी हिड़मा को ट्रेनिंग दे चुकी है. सुरक्षा बलों की लिस्ट में वह टॉप रैंक की महिला माओवादी मानी जाती है.
जब उसने पश्चिम बंगाल छोड़ छत्तीसगढ़ का रुख किया था उस समय हिड़मा के साथ ही जंगल में बड़े हमले में शामिल रही है.
इसके बाद वह कई सालों तक बस्तर में सक्रिय रहकर कई वारदातों को अंजाम दिया.
इससे पहले सुजाता को तेलंगाना में गिरफ्तार करने की अफवाह उड़ी थी. उस समय खुद सुजाता ने ही इसका खंडन करते हुए कहा था कि उसकी गिरफ्तारी की खबर अफवाह है.
'आयरन लेडी' के नाम से है मशहूर
नक्सली संगठन में 'आयरन लेडी' के नाम से मशहूर सुजाता की पहचान नक्सली आंदोलन के कुख्यात माओवादी किशनजी की पत्नी के रूप में होती है.
नक्सली कमांडर किशनजी की 2011 में पश्चिम बंगाल में हुई मुठभेड़ में मौत हुई थी.
अब सुजाता ने भी नक्सल संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया और आत्मसमर्पण कर दिया.
माना जा रहा है कि सुजाता के आत्मसमर्पण से माओवादी संगठन कमजोर होगा.