सुवेंदु अधिकारी: 'किंग मेकर' से 'किंग' बनकर अपने ही 'गुरु' को मात दी
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में 2026 के विधानसभा चुनाव परिणामों ने एक ऐसे नए युग की पटकथा लिख दी है, जिसकी कल्पना कुछ साल पहले तक नामुमकिन लगती थी. कभी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पोस्टर बॉय और ममता बनर्जी के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण आंदोलन के सबसे भरोसेमंद सिपाही रहे सुवेंदु अधिकारी आज भाजपा के उस सबसे ताकतवर चेहरे के रूप में उभरे हैं, जिन्होंने बंगाल की सत्ता के समीकरणों को पूरी तरह बदल कर राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहें हैं. उन्हें शुक्रवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.
सुवेंदु अधिकारी का यह उदय केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि एक ऐसे राजनीतिक प्रतिशोध और रणनीति की पराकाष्ठा है, जिसने राज्य की प्रशासनिक बागडोर की ओर उनके कदमों को और भी मजबूती से बढ़ा दिया है. 2026 के इन चुनावों में सुवेंदु ने न केवल नंदीग्राम में ममता बनर्जी को फिर से पटखनी दी, बल्कि उनके खुद के गढ़ भवानीपुर में घुसकर 15,105 मतों के भारी अंतर से जो ऐतिहासिक शिकस्त दी है, उसने बंगाल की राजनीति में एक बड़े सत्ता परिवर्तन का बिगुल फूंक दिया है.
नंदीग्राम में उनकी जीत का अंतर भी 2021 के महज 1,956 वोटों से बढ़कर अब 9,665 हो गया है, जो उनकी बढ़ती लोकप्रियता और जमीनी पकड़ का स्पष्ट प्रमाण है.
सुवेंदु अधिकारी का यह सफर नाटकीयता और राजनीतिक सूझबूझ से भरा रहा है. एक समय था जब उन्हें ममता बनर्जी का उत्तराधिकारी माना जाता था, लेकिन आज वह उन्हीं के सबसे बड़े राजनीतिक शत्रु बन चुके हैं. उनकी यह यात्रा 1980 के दशक के उत्तरार्ध में शुरू हुई थी, जब उन्होंने छात्र परिषद के माध्यम से राजनीति में कदम रखा था.
आरएसएस की शाखाओं में प्रशिक्षित सुवेंदु ने चुनावी राजनीति का पहला स्वाद 1995 में चखा, जब वे कांथी नगरपालिका के पार्षद बने. 1999 में अपने पिता शिशिर अधिकारी के साथ टीएमसी में शामिल होने के बाद, उन्होंने संघर्ष के कई दौर देखे.
2001 और 2004 में हार का सामना करने के बाद 2006 में कोंटाई सीट जीतकर उन्होंने पहली बार विधानसभा में कदम रखा. लेकिन उनकी किस्मत का असली मोड़ 2007 का नंदीग्राम आंदोलन था, जिसने उन्हें बंगाल की राजनीति की पहली पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया. नंदीग्राम ने सुवेंदु को वह जनाधार दिया, जिसके दम पर उन्होंने टीएमसी को सत्ता तक पहुँचाने में बड़ी भूमिका निभाई.
हालांकि, ममता और सुवेंदु के रिश्तों में कड़वाहट की शुरुआत 2011 की शहीद दिवस रैली से ही हो गई थी, जब ममता बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को राजनीति में उतारा. सुवेंदु को लगा कि अभिषेक के उदय के लिए उनकी उपेक्षा की जा रही है. उन्होंने खुद को टीएमसी में एक 'सह-योद्धा' के बजाय महज एक 'कर्मचारी' महसूस करना शुरू कर दिया. यह असंतोष गहराता गया और 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद जब टीएमसी ने 'पर्यवेक्षक' का पद समाप्त कर दिया, तो सुवेंदु के लिए भाजपा में जाने का रास्ता साफ हो गया.
2020 में भाजपा का दामन थामने के बाद सुवेंदु ने अपनी छवि को पूरी तरह बदल लिया. उन्होंने खुद को एक समावेशी नेता से कट्टर हिंदुत्व के मस्कट के रूप में स्थापित किया. उनके 'बांग्लादेश' और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर दिए गए तीखे बयानों ने उन्हें एक ध्रुवीकरण करने वाले लेकिन प्रभावशाली नेता के रूप में पेश किया.
आज सुवेंदु अधिकारी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते हैं. अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान बंगाल के मुख्यमंत्री पद के लिए जो मानक तय किए थे, सुवेंदु उन सभी पर खरे उतरते दिख रहे हैं.
उनके खिलाफ दर्ज 25 आपराधिक मामलों को उनके समर्थकों ने राजनीतिक प्रतिशोध के रूप में देखा, जिससे उनकी छवि एक ऐसे नेता की बनी जो सत्ता से लड़ने का माद्दा रखता है. भवानीपुर और नंदीग्राम की जुड़वां जीत ने यह साबित कर दिया है कि सुवेंदु अब केवल दक्षिण बंगाल के क्षेत्रीय नेता नहीं, बल्कि पूरे राज्य के सर्वमान्य चेहरे बन चुके हैं.
जिस नंदीग्राम आंदोलन ने कभी ममता बनर्जी को सत्ता दिलाई थी, उसी आंदोलन के नायक ने अब दीदी के साम्राज्य की नींव हिला दी है. बंगाल के राजनीतिक इतिहास में सुवेंदु अधिकारी का यह उत्थान एक ऐसे 'किंगमेकर' से 'किंग' बनने की कहानी है, जिसने अपने गुरु को ही मात देकर सत्ता के नए द्वार खोल दिए हैं.