सुवेंदु अधिकारी ने 1 IPS सहित 5 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा में एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को एक आईपीएस अधिकारी और चार अन्य पुलिसकर्मियों के निलंबन की घोषणा की. यह कार्रवाई पिछली टीएमसी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई कई विवादित घटनाओं और पुलिस शक्तियों के कथित दुरुपयोग के मामलों में की गई है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार पुलिसिया बर्बरता और प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम करेगी.
निलंबित किए गए अधिकारियों पर उत्तर दिनाजपुर के कालियागंज में राजवंशी युवक मृत्युंजय बर्मन की गोली मारकर हत्या करने, पूर्व आईपीएस अधिकारी पंकज दत्ता को प्रताड़ित करने, कृष्णनगर में जगद्धात्री प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज करने और काकद्वीप में मां काली की प्रतिमा को कैदी वाहन में ले जाने जैसे गंभीर आरोप हैं.
कालियागंज हिंसा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राजवंशी स्कूली छात्रा की हत्या के बाद पुलिस ने उसके शव के साथ संवेदनहीन व्यवहार किया था और विरोध कर रहे ग्रामीणों पर गोली चला दी थी, जिसमें मृत्युंजय बर्मन की जान चली गई. इस मामले में एएसआई मोअज्जम हुसैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ नई एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं.
इसके अलावा, पूर्व आईपीएस अधिकारी पंकज दत्ता को राजनीतिक दबाव में घंटों थाने में बिठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पूर्व अधिकारी सुपर्णा दत्ता चौधरी और साधन दास को निलंबित किया गया है.
वहीं, कृष्णनगर में सनातन धर्मावलंबियों पर लाठीचार्ज के मामले में निरीक्षक अमलेंदु बिस्वास और काकद्वीप में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए मां काली की प्रतिमा को जेल वैन में रखने के आरोप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कोटेश्वर राव को निलंबित कर दिया गया है.
राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि जनता का विश्वास बहाल करने के लिए पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुए अन्य पुलिसिया अत्याचारों की भी समीक्षा की जाएगी.