सुवेंदु का दावा, बंगाल में बनेगी भाजपा की सरकार
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों के बीच विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी ही बनाने जा रही है. टीवी चैनलों पर भाजपा को बहुमत के आंकड़े के करीब और कुछ जगह उसे पार करते हुए देख सुवेंदु अधिकारी ने विश्वास जताया कि जनता ने कमल को चुना है.
नंदीग्राम से चुनावी मैदान में उतरे अधिकारी, जो कोलकाता की भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं, ने कहा कि इस बार मुस्लिम मतदाताओं का झुकाव पूरी तरह से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर नहीं रहा है.
उन्होंने दावा किया कि भवानीपुर में भी यही रुझान देखने को मिल रहा है, जहाँ शुरुआती राउंड में मुस्लिम बहुल बूथों पर टीएमसी के वोट बैंक में सेंध लगी है. अधिकारी ने कहा कि शुरुआती दौर में कड़ा मुकाबला रहने के बाद, नौवें और दसवें राउंड की गिनती तक वह बड़ी बढ़त हासिल कर लेंगे.
सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि राज्य में सरकार के खिलाफ जबरदस्त लहर है और हिंदू मतदाताओं का ध्रुवीकरण भाजपा के पक्ष में हुआ है. उन्होंने मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि मुस्लिम वोटों में हुआ बिखराव भाजपा के लिए एक बहुत अच्छा संकेत है. अधिकारी के मुताबिक, इन समीकरणों के चलते बंगाल में इस बार सत्ता परिवर्तन निश्चित है.