दो राज्यों में एक साथ नौकरी! शिक्षक की चालबाजी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक शिक्षक ने दोनों राज्यों के स्कूलों में एक साथ नौकरी कर सबको चौंका दिया. इतना ही नहीं, इस मास्टर ने दोनों राज्यों के निवास प्रमाण पत्र भी हासिल कर लिए. आइए, इस अनोखी कहानी को समझते हैं.
इस शिक्षक का नाम राजेश कुमार वैश्य है. ये छत्तीसगढ़ के बिहारपुर में स्वामी आत्मानंद स्कूल और मध्य प्रदेश के सिंगरौली में मकरोहर सरकारी स्कूल, दोनों जगह सामाजिक विज्ञान पढ़ाते हैं. नवंबर 2022 से ये अपनी असलियत छिपाकर दोनों स्कूलों में बच्चों को पढ़ा रहे हैं. इस खुलासे ने शिक्षा विभाग में हंगामा मचा दिया है.
दरअसल, मध्य प्रदेश का मकरोहर गांव छत्तीसगढ़ के बिहारपुर से सटा हुआ है. दोनों जगहों के बीच इतना कम फासला है कि लोग रोज़मर्रा की चीज़ें खरीदने के लिए भी एक राज्य से दूसरे में चले जाते हैं. राजेश ने इसी का फायदा उठाया और दोनों राज्यों के निवास प्रमाण पत्र बनवा लिए.
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश का स्कूल सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलता है.
वहीं, बिहारपुर का स्वामी आत्मानंद स्कूल दो पालियों में चलता है, जिसमें पहली पाली सुबह 8 बजे से दोपहर 11:45 बजे तक होती है.
राजेश दोनों स्कूलों में समय निकालकर हाजिरी लगाते थे.
हैरानी की बात ये है कि दोनों स्कूलों के प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी.अब जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया है.