छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर डॉ. तीजन बाई का निधन
रायपुर । संवाददाता: पंडवानी गायन को अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकाने वाली और पारंपरिक कला की जीवंत प्रतिमूर्ति, पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई अब हमारे बीच नहीं रहीं. पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही डॉ. तीजन बाई ने रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में तड़के 3:15 बजे अंतिम सांस ली. 70 वर्ष की आयु में उनका यह महाप्रयाण भारतीय लोक संस्कृति के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत है. उनके निधन से संगीत, कला और संस्कृति जगत में एक गहरा शून्य पैदा हो गया है.
भिलाई के गनियारी गांव में 24 अप्रैल 1956 को जन्मीं तीजन बाई का शुरुआती सफर कांटों भरा रहा. पारधी जनजाति में जन्मी तीजन बाई को बचपन में अपने नाना ब्रजलाल से महाभारत की कथाएं सुनने का शौक लगा और वे इसे गुनगुनाने लगीं.
कला के प्रति उनकी इसी दीवानगी के कारण समाज ने उनका बहिष्कार कर दिया था. समाज से बेदखल होने के बावजूद उन्होंने घुटने नहीं टेके और मंच पर प्रस्तुति देना जारी रखा. बाद में मशहूर गायक उमेद सिंह देशमुख से विधिवत प्रशिक्षण लेकर उन्होंने महज 13 साल की उम्र में पहली बार मंच संभाला.
तीजन बाई ने सदियों पुरानी परंपरा को तोड़कर पंडवानी में नया इतिहास रचा था. उस दौर में महिलाएं केवल बैठकर 'वेदमती शैली' में पंडवानी गाती थीं, जबकि पुरुष खड़े होकर हाथ में तंबूरा लेकर 'कापालिक शैली' में अभिनय करते थे.
तीजन बाई देश की पहली ऐसी महिला कलाकार बनीं, जिन्होंने कापालिक शैली को अपनाया. उन्होंने अपनी कड़क आवाज, अद्भुत अभिनय और हाथ में तंबूरे को कभी गदा तो कभी धनुष बनाकर महाभारत के प्रसंगों को जीवंत कर दिया.
उनकी इस अनूठी कला का लोहा देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया ने माना. बचपन में स्कूल न जा पाने के कारण तीजन बाई केवल पांचवीं कक्षा तक ही साक्षर हो सकी थीं, लेकिन उनकी कला की गूंज ऐसी रही कि उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्मश्री, पद्म भूषण और फिर पद्म विभूषण से अलंकृत किया गया.
यही नहीं, वे देश की एकमात्र ऐसी लोक कलाकार हैं जिन्हें विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा चार बार 'डी.लिट' की मानद उपाधि से नवाजा गया.
हाल ही में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके स्वास्थ्य के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की थी. पिछले दिनों 1 नवंबर को पीएम मोदी ने तीजन बाई की बहू वेणू देशमुख से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना था. प्रधानमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया था और तीजन बाई के योगदान को देश के लिए अमूल्य और छत्तीसगढ़ की संस्कृति की अनमोल धरोहर बताया था.
उनके जाने से आज न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति को मान दिलाने वाली एक बुलंद आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई है.