कोरबा के पिकनिक स्पॉट झोराघाट में नदी में डूबने से किशोर की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल झोराघाट में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां अपने परिजनों के साथ छुट्टी बिताने आया 17 वर्षीय किशोर अलाउद्दीन नदी के गहरे पानी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई.
कटघोरा का रहने वाला यह युवक अपने माता-पिता की एकमात्र संतान था. स्थानीय पुलिस ने इस दुखद मामले में मर्ग दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार की दोपहर तेज गर्मी से बचने के लिए अलाउद्दीन नदी में स्नान करने के लिए उतरा था. पहली बार इस जगह पर आने के कारण उसे पानी के उतार-चढ़ाव और गहराई का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था. देखते ही देखते वह गहरे पानी में समाने लगा.
उसे संकट में देख घाट पर मौजूद परिजनों और अन्य सैलानियों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद कुछ लोगों ने नदी में छलांग लगाकर उसे बाहर निकाला. अचेत अवस्था में उसे तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की अपील की है. लोगों का कहना है कि झोराघाट जैसे भीड़भाड़ वाले पिकनिक स्थलों पर गहरे और खतरनाक पानी वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जाना चाहिए.
वहां चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ-साथ आपात स्थितियों से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती बेहद जरूरी है ताकि आगे ऐसी अनहोनी को टाला जा सके. उल्लेखनीय है कि इस पर्यटन स्थल पर रविवार को काफी भीड़ रहती है, जिसके मद्देनजर कटघोरा पुलिस भी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखती है.