तेलंगाना में दिसंबर से अब तक 1,100 कुत्ते मार दिये गये
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना में सड़क किनारे रहने वाले कुत्तों की कथित सामूहिक हत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. हनमकोंडा जिले में एक बार फिर 200 कुत्तों के शव बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही राज्य में दिसंबर 2025 से 26 जनवरी 2026 के बीच मारे गए कुत्तों की संख्या बढ़कर 1,100 से अधिक हो गई है.
एक स्वयंसेवी संगठन के सदस्य ए. गौतम ने सोमवार को स्थानीय थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, लगभग एक महीने पहले पाथिपाका गांव में जहरीले इंजेक्शन देकर करीब 200 कुत्तों की हत्या की गई थी. आरोप है कि यह कार्रवाई ग्राम पंचायत सचिव के निर्देश पर की गई.
मिली जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद कुत्तों के शवों को एक कब्रिस्तान में ले जाकर दफना दिया गया. इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं में इलाके की ग्राम पंचायत प्रधान और उनके पति समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
जनवरी के महीने में जगीत्याल जिले के याचरम और पेगटियाल गांवों में क्रमशः 100 और 300 कुत्तों को जहरीले इंजेक्शन देकर मारने के आरोप सामने आए थे. याचरम मामले में ग्राम पंचायत प्रधान, पंचायत सचिव सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है.
वहीं, कामारेड्डी जिले में भी 200 कुत्तों की हत्या के आरोप में पांच ग्राम प्रधानों समेत छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है. रंगारेड्डी सहित राज्य के कई अन्य जिलों से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं.
आरोप लगाया जा रहा है कि पंचायत चुनावों के माहौल में ‘सड़क कुत्तों की समस्या के समाधान’ के नाम पर इस तरह की अमानवीय हत्याएं की जा रही हैं. पशु अधिकार संगठनों ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.