खेत में काम कर रहे दंपति पर गिरी गाज, पति की मौत
खेत में काम कर रहे दंपति पर गिरी गाज
कोबरा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खेत में काम कर रहे किसान दंपति पर आकाशीय बिजली गिर गई. हादसे में पति की मौत हो गई वहीं, 5 महीने की गर्भवती पत्नी घायल है. दंपति की शादी को महज एक साल हुआ था.
पुलिस के मुताबिक घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र की है. यह हादसा ग्राम उतरता में लौतना पारा बस्ती में दोपहर के समय हुई.
उतरता निवासी प्रवीण कुमार मरावी (24) और उसकी पत्नी कीर्ति मरावी (22) दोनों खेत में काम कर रहे थे. तभी अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली कड़कने लगी.
इसी दौरान आकाशीय बिजली उन दोनों पर गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए. प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कीर्ति गंभीर रूप से घायल हो गई.
कीर्ति पांच माह की गर्भवती हैं. कीर्ति लगभग एक घंटे तक बेहोश रही. होश में आने के बाद उसने फोन कर अपने ससुर को घटना की जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा लेकर आए. जहां डॉक्टरों ने प्रवीण कुमार मरावी को मृत घोषित कर दिया.
उनकी पत्नी कीर्ति का इलाज जारी है. उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. इस घटना के बाद गांव में मातम छा गया है.