'बंगाल और असम में जनादेश की चोरी हुई'- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है.
मंगलवार को बयान जारी करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा की जीत को "जनादेश की चोरी" करार दिया.
उन्होंने आरोप लगाया कि यह जीत भारतीय लोकतंत्र को "नष्ट" करने के भाजपा के मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम है.
इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का भी पुरजोर समर्थन किया, जिसे इन चुनावों में भाजपा के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है.
ममता बनर्जी की पार्टी की हार पर खुशी मनाने वालों को नसीहत देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह समय संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठने का है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मुद्दा किसी एक पार्टी का नहीं बल्कि पूरे भारत का है, इसलिए सभी को छोटी राजनीति को एक तरफ रख देना चाहिए.