छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री बनाए जाने का मामला हाईकोर्ट पहुंचा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में मंत्रियों की संख्या बढ़ाकर 14 मंत्री बनाए जाने का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है. कांग्रेस ने इसे असंवैधानिक बताते हुए इसके विरोध में हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगाई है. इसमें सामान्य प्रशासन विभाग, मुख्यमंत्री समेत सभी 14 मंत्रियों को पक्षकार बनाया गया है.
मामले में शुक्रवार को सुनवाई भी हुई. हाईकोर्ट ने राज्य शासन से शपथ पत्र में अगली सुनवाई तक जवाब मांगा है. अगली सुनवाई की तारीख 2 सितंबर तय की गई है.
छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का विस्तार इसी माह 20 अगस्त को हुआ है. मंत्रिमंडल में तीन नये विधायकों को शामिल किया गया है.
इसी के साथ मंत्रियों की संख्या 11 से बढ़कर 14 हो गई है. नियमानुसार विधानसभा में मंत्रिमंडल के सदस्य कुल सीटों की संख्या के 15 फीसदी से अधिक नहीं हो सकते हैं.
छत्तीसगढ़ में विधानसभा की 90 सीटें हैं. इस अनुपात में मंत्रियों की संख्या एक अधिक हो गई है. कांग्रेस ने इसी का विरोध करते हुए हाईकोर्ट में याचिका लगाई है.
इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता बसदेव चक्रवर्ती ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है. याचिका में छत्तीसगढ़ मत्रिमंडल की संख्या 14 को असंवैधानिक बताया गया है.
याचिका में कहा गया है कि संविधान के अनुसार 90 सदस्यीय विधानसभा में मंत्री संख्या अधिकतम 13 हो सकती है.
वर्तमान में कैबिनेट में 14 मंत्री हैं. जो अनुच्छेद 164 (1का) का उल्लंघन है. जबकि भाजपा इसे हरियाणा की तर्ज पर करना बता रही है.
मामले की सुनवाई शुक्रवार को चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की डिवीजन बेंच में हुई.
कोर्ट ने सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता बसदेव चक्रवर्ती से शपथ पत्र मांगा है.
कोर्ट ने जनहित लगाए जाने के उद्देश्य देखने के लिए याचिकाकर्ता से शपथ पत्र में उसका बैकग्राउंड और समाजसेवा में किए गए कामों की जानकारी मांगी है.
साथ ही राज्य शासन को भी इस मामले में पक्ष रखने को कहा गया है. मामले की अगली सुनवाई 2 सितंबर को होगी.