दुनिया के शीर्ष पूंजीपति, बढ़ते तापमान के सबसे ज्यादा जिम्मेदार
छत्तीसगढ़ दुनिया का शीर्ष 10 फीसदी पूंजीपति दो तिहाई तापमान बढ़ा रहा
रायपुर | डेस्कः एक कहावत आपने सुनी होगी कि गेहूं के साथ घुन भी पिसता है. वही हाल दुनिया में बढ़ते तापमान का खामियाजा भुगतती बहुसंख्यक आबादी का है, जो इसके लिए जिम्मेदार नहीं है. पूंजीपति सबसे ज्यादा ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन करते हैं और उसका प्रभाव सबसे ज्यादा गरीब झेलते हैं.
दुनिया भर में धनी लोग सबसे ज्यादा कार्बन फुट प्रिंट छोड़ते हैं.
नेचर क्लाइमेट चेंज में प्रकाशित शोध पत्र में शोधकर्ताओं के हवाले से कहा गया है कि अधिकतम जलवायु संबंधी प्रभाव केवल वैश्विक उत्सर्जन का परिणाम नहीं है, इसके बजाय उन्हें सीधे अपनी जीवनशैली और निवेश विकल्पों से जोड़कर देखा जा सकता है, जो बदले में पैसे की कमाई से जुड़ा है.
अध्ययन में पाया गया है कि दुनिया के सबसे धनी 10 फीसदी लोग 1990 के बाद से बढ़ती गर्मी के दो-तिहाई हिस्से के लिए जिम्मेदार हैं. इसके कारण लू या हीटवेव और सूखे जैसी जलवायु की चरम स्थितियों में बढ़ोतरी हुई है.
अध्ययन में सबसे अधिक उत्सर्जन के लिए जिम्मेवार लोगों का आकलन किया गया है और देखा गया है कि दुनिया भर में सबसे धनी लोगों में शीर्ष एक फीसदी ने वैश्विक औसत से 26 गुना अधिक तापमान बढ़ाने का काम किया है.
शोध में आय पर आधारित उत्सर्जन की असमानता और जलवायु में बदलाव के बीच संबंधों पर नई रोशनी डाली गई है. यह दर्शाता है कि कैसे अमीर लोगों के उपभोग और निवेश ने तीव्र मौसम की घटनाओं पर असमान प्रभाव डाला है.
ये प्रभाव विशेष रूप से अमेजन, दक्षिण पूर्व एशिया और दक्षिण अफ्रीका जैसे कमजोर उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में गंभीर हैं, ये सभी क्षेत्र ऐतिहासिक रूप से दुनिया भर में सबसे कम उत्सर्जन करने वाले क्षेत्र हैं.
शोध में पाया गया कि अमीरों द्वारा उत्सर्जन जलवायु की चरम सीमाओं को बढ़ाने में एक प्रमुख भूमिका निभाते हैं. आर्थिक आंकड़े और जलवायु सिमुलेशन को जोड़ने वाले एक नए मॉडलिंग ढांचे का उपयोग करके, शोधकर्ता दुनिया भर में विभिन्न आय समूहों से उत्सर्जन का पता लगाने और विशिष्ट जलवायु परिवर्तन में उनके योगदान का आकलन करने में सफल रहे.
शोधकर्ताओं ने पाया कि अमेरिका और चीन जैसे देशों में सबसे अमीर 10 फीसदी लोगों के उत्सर्जन से संवेदनशील क्षेत्रों में गर्मी की स्थिति में दो से तीन गुना की बढ़ोतरी हुई.
शोध पत्र में कहा गया है कि यदि सभी ने दुनिया की आबादी के निचले 50 फीसदी हिस्से की तरह उत्सर्जन किया होता, तो दुनिया में 1990 के बाद से गर्मी में न्यूनतम बढ़ोतरी ही देखने को मिलती.
इस असंतुलन से निपटने के लिए निष्पक्ष और प्रभावी जलवायु कार्रवाई जरूरी है.
शोध में व्यक्तिगत उपभोग के बजाय वित्तीय निवेश में निहित उत्सर्जन के महत्व पर भी जोर दिया गया है. शोधकर्ताओं का तर्क है कि अत्यधिक उच्च आय वाले लोगों के वित्तीय प्रवाह और वस्तुओं को नियोजित कर जलवायु संबंधी पर्याप्त लाभ मिल सकते हैं.
शोध के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिये समाज के सबसे धनी लोगों की जिम्मेदारियों को तय करना होगा, तभी भविष्य में होने वाले नुकसान को कम कर आगामी खतरे से बचा जा सकता है.
शोध पत्र में शोधकर्ताओं के हवाले से सुझाव दिया गया है कि समाज के धनी वर्ग को आधुनिक नीतिगत साधनों के लिए प्रेरित किया जा सकता है और ऐसी नीतियां सामाजिक स्वीकृति को भी बढ़ावा दे सकती हैं.
व्यक्तिगत तौर पर प्रदूषण के जिम्मेदार पूंजीपतियों के भुगतान करने से विकासशील देशों को हो रहे नुकसान के लिए बहुत जरूरी सहायता मिल सकती है.
शोध के निष्कर्ष में कहा गया है कि वास्तविक उत्सर्जन में योगदान के अनुरूप जलवायु कार्रवाई (Climate action) के लिए जिम्मेदारी को दोबारा तय करना न केवल दुनिया के तापमान में वृद्धि को धीमा करने के लिए जरूरी है, बल्कि एक न्यायपूर्ण और समावेशी दुनिया के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भी जरूरी है.