छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 63 ट्रेनों के समय में बदलाव
बिलासपुर । संवाददाता: नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 से छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों की समय-सारिणी में बड़ा बदलाव किया गया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर जोन ने अपने क्षेत्र से चलने और गुजरने वाली कुल 63 ट्रेनों के समय में आंशिक संशोधन किया है.
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बुनियादी ढांचे में सुधार और परिचालन दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किए गए इस बदलाव से यात्रियों के सफर के समय में 5 से 25 मिनट तक की बचत होगी.
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन 63 ट्रेनों के समय बदले गए हैं, उनमें 55 एक्सप्रेस व मेल ट्रेनें और 8 पैसेंजर या मेमू ट्रेनें शामिल हैं.
ट्रैक अपग्रेडेशन और सिग्नलिंग में सुधार के चलते अब एक्सप्रेस ट्रेनों के सफर में 10 से 25 मिनट और पैसेंजर ट्रेनों में 5 से 20 मिनट तक की कमी आएगी.
SECR प्रबंधन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, पूछताछ काउंटर या स्टेशन नोटिस बोर्ड के माध्यम से अपडेटेड टाइमिंग की जांच अवश्य कर लें ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके.
यह बदलाव नियमित परिचालन प्रक्रिया का हिस्सा है और इसमें किसी भी ट्रेन के मार्ग परिवर्तन या रद्दीकरण की घोषणा नहीं की गई है.