बैंक खाते फ्रीज होने के मामले में TMC को HC से अंतरिम राहत
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी आंतरिक कलह और बैंक खातों के फ्रीज होने के मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट से तृणमूल को बड़ी राहत मिली है. अदालत ने एक अंतरिम निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पार्टी अपने दैनिक कार्यों और कानूनी खर्चों के लिए फ्रीज किए गए तीन बैंक खातों के पैसों का इस्तेमाल कर सकेगी. हालांकि, खातों के संचालन का अधिकार फिलहाल सीधे तौर पर पार्टी के पास नहीं रहेगा.
हाई कोर्ट ने इन खातों के प्रबंधन के लिए एक स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया है, जिनकी देखरेख में ही सारा वित्तीय लेन-देन होगा.
जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की एकल पीठ के समक्ष गुरुवार को इस मामले की सुनवाई हुई. अदालत ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस सुब्रत तालुकदार को स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया है. अंतरिम आदेश के मुताबिक, जस्टिस तालुकदार आगामी 30 सितंबर तक इन तीनों बैंक खातों का संचालन करेंगे.
कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि स्पेशल ऑफिसर पार्टी के रोजमर्रा के कामकाज और कानूनी लड़ाइयों के खर्च के लिए फंड जारी कर सकते हैं, लेकिन किसी को भी उनकी अनुमति के बिना बड़ी रकम निकालने या देने की इजाजत नहीं होगी.
जस्टिस भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में चुनाव आयोग दोनों गुटों में से किसी एक को अंतिम मान्यता दे देता है, तो इस आदेश में बदलाव के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया जा सकता है. मामले की अगली सुनवाई 21 सितंबर को तय की गई है.
यह पूरा विवाद लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ, जिसने टीएमसी के भीतर दरार को गहरा कर दिया है. वर्तमान में पार्टी दो धड़ों कालीघाटपंथी और ऋतब्रतपंथी में बंट चुकी है और दोनों के बीच का विवाद खुलकर सामने आ गया है. इस वर्चस्व की लड़ाई के बीच चुनाव आयोग ने भी दोनों पक्षों से उनका रुख स्पष्ट करने को कहा है.
इसी दौरान, 18 जून को दक्षिण 24 परगना के एक विधायक ने बिधाननगर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक बड़े साइबर फ्रॉड का पैसा कुछ बैंक खातों में आया है, जिसमें तृणमूल के भी कुछ खाते शामिल हो सकते हैं. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अगले ही दिन बैंक अधिकारियों को तीन खातों से पैसे निकालने पर रोक लगाने का निर्देश दिया था. पुलिस के इसी कदम के खिलाफ कालीघाटपंथी तृणमूल ने हाई कोर्ट का रुख किया.
सुनवाई के दौरान तृणमूल के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि बैंक खाते फ्रीज होने से राजनीतिक दल का कामकाज पूरी तरह ठप हो जाएगा, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी प्रतिस्पर्धा के 'लेवल प्लेइंग फील्ड' के सिद्धांत के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि पार्टी के कुल 9 खाते फ्रीज किए गए हैं, जबकि राजनीतिक दल के पास हर पैसे का हिसाब चुनाव आयोग और आयकर विभाग के पास होता है.
दूसरी तरफ, कोर्ट ने पुलिस के अधिकारों का बचाव करते हुए पूछा कि क्या संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस बैंक खाते जब्त नहीं कर सकती? जिसका जवाब देते हुए सिंघवी ने कहा कि ऐसी कार्रवाई के लिए पुख्ता तथ्य होने चाहिए, न कि किसी अस्पष्ट शिकायत के आधार पर कदम उठाया जाए.
वहीं, विरोधी गुट के वकील ने खुद को 'असली तृणमूल' बताया, जिस पर कोर्ट ने टिप्पणी की कि यह अवसरवादिता जैसा लग रहा है और अदालत अभी सिर्फ पुलिस की कार्रवाई की वैधता की जांच कर रही है, असली पार्टी कौन है इसका फैसला चुनाव आयोग करेगा.