करोड़ों का ट्रामा सेंटर, उपकरणों के बिना बेकार
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में ट्रामा सेंटर सिर्फ भवन बनकर रह गया
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में पिछले तीन सालों से बना ट्रामा सेंटर आज तक शुरू नहीं हो पाया. बस्तरवासियों की मांग पर करोड़ों खर्च कर भवन निर्माण कर दिया गया, लेकिन आज तक यहां जरूरी उपकरण नहीं लगाये गये.
जिसके चलते ट्रामा सेंटर सिर्फ एक नाम बनकर रह गया है और बस्तरवासियों द्वारा ट्रामा सेंटर की लंबे समय से मांग पूरी होती दिखाई नहीं दे रही है.
बस्तरवासियों के साथ-साथ नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों को स्वास्थ्य संबंधी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल बस्तर संभाग में ट्रामा सेंटर नहीं होने की वजह से सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल मरीजों को और पुलिस -नक्सली मुठभेड़ में व आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों को रायपुर रेफर करना पड़ता है.
पिछले 3 सालों से डिमरापाल अस्पताल में ट्रामा सेंटर भवन तो बना दिया गया है, लेकिन अब तक इसे शुरू नहीं किया गया.
वहीं यहां उपकरण भी अब तक नहीं लगाए गए हैं. ट्रामा सेंटर कब तक शुरू हो पायेगा इसको लेकर कोई जानकारी देने को तैयार नहीं है.
रेफर सेंटर बना अस्पताल
दरअसल बस्तर जैसे पिछड़े क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा को दुरुस्त करने के लिए पिछली सरकार ने बस्तर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर की सौगात देने की घोषणा की थी.
यह सौगात भाजपा सरकार के डेढ़ साल पूरे होने के बाद भी बस्तरवासियों को नहीं मिल पाई है. माना जा रहा है कि इसके लिए और इंतजार करना पड़ सकता है.
दरअसल बस्तर में ट्रामा सेंटर नहीं होने से सबसे ज्यादा दिक्कत सड़क हादसों में घायल मरीजों के साथ ही नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों को हो रही है.
माओवादियों के साथ होने वाली मुठभेड़ों में और आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर बड़ी संख्या में जवान और ग्रामीण घायल होते हैं.
गंभीर रूप से घायलों को भी बस्तर में ट्रामा सेंटर नहीं होने से ईलाज नही मिल पा रहा है. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ट्रामा सेंटर भवन का निर्माण पूरा हो चुका है.
जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी, लेकिन अब तक यह तय नहीं हो पाया है कि ट्रामा सेंटर में घायलों को ईलाज कब से मिल पायेगा.
फिलहाल करोड़ों रुपये की लागत से बना अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है. कई मामलों में घायल जवानों की रास्ते में ही मौत हो जाती है, वहीं सड़क हादसे में घायल गंभीर मरीज भी ट्रामा सेंटर नहीं होने सेे बीच रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं
लग सकता है और समय
इधर डिमरापाल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनूरुप साहू ने बताया कि अस्पताल परिसर में 20 बेड का ट्रामा सेंटर भवन बना लिया गया है. इसे बनाने में काफी लंबा समय लग गया.
लोकनिर्माण विभाग द्वारा अस्पताल प्रबंधन को अब तक भवन हैंड ओवर नहीं किया गया है.
अधीक्षक ने कहा कि कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द ट्रामा सेंटर की शुरुआत हो सके.
उन्होंने बताया कि इस ट्रामा सेंटर के लिए उपकरण खरीदी की प्रक्रिया विचाराधीन है. इसकी शुरुआत करने में और समय लग सकता है.