त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ की कार्यालय में संदिग्ध मौत, आत्महत्या की आशंका
अगरतला । डेस्क: त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला में पुलिस मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में मृत पाए गए. भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी को तुरंत गोविंद वल्लभ पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर 12:48 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की मृत्यु का कारण आत्महत्या होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मुख्यमंत्री के सचिव किरण गित्ते ने बताया कि उनकी मृत्यु की सटीक परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. प्रदीप भौमिक ने मीडिया को बताया कि डीजीपी धनखड़ को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लाया गया था, उस समय उनकी पल्स (नाड़ी), रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और शरीर का तापमान सहित कोई भी जीवन लक्षण (वाइटल्स) काम नहीं कर रहे थे.
अस्पताल के डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम ने इमरजेंसी यूनिट में लगभग 48 मिनट तक उन्हें कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देकर बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई और अंततः 12:48 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
डॉ. भौमिक ने स्पष्ट किया कि मौत के सही कारणों का पता केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा. अस्पताल लाए जाने के समय उनकी स्थिति को देखते हुए किसी अन्य बीमारी या आंतरिक मेडिकल कंडीशन का तुरंत पता लगाना संभव नहीं था.
जब उनसे शरीर पर फांसी या किसी चोट के निशान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम की पहली प्राथमिकता मरीज की जान बचाना था, इसलिए ऐसे किसी भी निशान की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम के बाद ही की जाएगी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस मुख्यालय पहुंचे. सुरक्षाबलों ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस विभाग ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी.