गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की दादागिरी, विरोधी 8 नाटो देशों पर टैरिफ ठोका

C

CG Khabar

17 जन. 2026, 07:24 PM 3 मिनट में पढ़ें 19

डेनमार्क में प्रदर्शन
डेनमार्क में प्रदर्शन

सीजी खबर डेस्क: ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर आक्रामक और दबाव की राजनीति अपनाते हुए नाटो के ही आठ यूरोपीय सहयोगी देशों के खिलाफ व्यापारिक दंड की घोषणा कर दी है. ट्रंप ने ऐलान किया है कि फरवरी से डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फ़िनलैंड से आने वाले सामान पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया जाएगा. 


इतना ही नहीं, 1 जून तक यदि ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के पक्ष में “समझौता” नहीं हुआ, तो यही टैरिफ बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया जाएगा.

विज्ञापन


ट्रंप का यह कदम न केवल अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों की अवहेलना माना जा रहा है, बल्कि नाटो जैसे सैन्य गठबंधन की मूल भावना पर भी सीधा हमला है. 1949 से चले आ रहे इस गठबंधन में अमेरिका और यूरोप सामूहिक सुरक्षा के साझेदार रहे हैं, लेकिन ट्रंप अब उसी गठबंधन के देशों पर आर्थिक हथियार चला रहे हैं, वह भी ग्रीनलैंड को “खरीदने” की जिद के चलते.


ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में कहा कि यूरोपीय देशों द्वारा ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण का विरोध और वहां उनके प्रतिनिधियों की यात्राएं अमेरिका के हितों के खिलाफ हैं. 


उन्होंने ग्रीनलैंड को अमेरिका की प्रस्तावित “गोल्डन डोम” मिसाइल रक्षा प्रणाली के लिए अनिवार्य बताते हुए दावा किया कि रूस और चीन इस क्षेत्र पर कब्ज़ा जमाने की फिराक में हैं. हालांकि, इस दावे के पक्ष में अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है.


यूरोप में ट्रंप की इस दादागिरी के खिलाफ जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. ग्रीनलैंड की राजधानी नूक में सैकड़ों लोग कड़ाके की ठंड, बारिश और बर्फीली सड़कों के बावजूद सड़कों पर उतरे. 


प्रदर्शनकारियों ने “ग्रीनलैंड बिक्री के लिए नहीं है”, “हम अपना भविष्य खुद तय करेंगे” और “ग्रीनलैंड पहले से ही महान है” जैसे नारे लगाए. डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन समेत अन्य शहरों में भी हजारों लोग अमेरिकी दबाव और धमकियों के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए.


डेनमार्क और यूरोपीय नेताओं ने साफ शब्दों में कहा है कि ग्रीनलैंड एक स्वशासित क्षेत्र है और उसके भविष्य पर फैसला केवल डेनमार्क और ग्रीनलैंड के लोगों का अधिकार है. किसी भी बाहरी देश को आर्थिक धमकियों या टैरिफ़ के ज़रिये इस फैसले को प्रभावित करने का हक नहीं है.


हालांकि, अमेरिका के भीतर भी ट्रंप के रुख पर असहजता दिखाई दे रही है. एक द्विदलीय अमेरिकी संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने कोपेनहेगन पहुंचकर डेनमार्क और ग्रीनलैंड को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि अमेरिकी जनता और कांग्रेस नाटो सहयोगियों का सम्मान करती है. 


डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस कून्स ने कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की बयानबाज़ी से यूरोप में अमेरिका की विश्वसनीयता को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है.


उधर, डेनमार्क की संयुक्त आर्कटिक कमान के प्रमुख मेजर जनरल सोरेन एंडरसन ने ट्रंप के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें रूस और चीन की सैन्य गतिविधियों का हवाला दिया गया था. 


उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड के आसपास किसी भी चीनी या रूसी युद्धपोत की मौजूदगी नहीं देखी गई है और यूरोपीय सेनाओं की तैनाती केवल आर्कटिक क्षेत्र में संयुक्त प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग के लिए है.


जानकारों का मानना है कि ट्रंप द्वारा टैरिफ़ को राजनीतिक दबाव के औज़ार के रूप में इस्तेमाल करना अमेरिका-यूरोप संबंधों को गहरी चोट पहुंचा सकता है. 


ग्रीनलैंड को लेकर अपनाई गई यह जबरन वसूली जैसी नीति न केवल नाटो की एकता को कमजोर कर रही है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा कर रही है कि क्या अमेरिका अब अपने ही सहयोगियों के लिए भरोसेमंद साझेदार रह गया है या नहीं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP