सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

ट्रंप का नज़रिया: जिसकी लाठी उसकी भैंस

C

CG Khabar

12 जन. 2026, 01:19 AM 5 मिनट में पढ़ें 15

ट्रंप-लाठी
ट्रंप-लाठी

त्वरित टिप्पणी । जेके कर: हिंदी में एक पुरानी और बेहद सटीक कहावत है- “जिसकी लाठी उसकी भैंस”. इसका सीधा-सा अर्थ है कि जिसके पास ताक़त है, वही मालिक है; नियम, नैतिकता और न्याय ताक़त के आगे बौने हो जाते हैं. आज की वैश्विक राजनीति को यदि किसी एक कहावत में समेटा जाए, तो यह कहावत उस पर बिल्कुल सटीक बैठती है. और यदि इस राजनीति का कोई चेहरा है, तो वह हैं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप.


पिछले कुछ समय में जो घटनाएँ अंतर्राष्ट्रीय मंच पर घटी हैं, वे यह बताने के लिए पर्याप्त हैं कि ट्रंप की विदेश नीति किसी कूटनीतिक संतुलन, अंतर्राष्ट्रीय क़ानून या संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों से संचालित नहीं होती, बल्कि विशुद्ध रूप से शक्ति-प्रदर्शन और स्वार्थ पर आधारित है.

विज्ञापन


हाल ही में अमेरिका ने लैटिन अमेरिका के देश वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई कर वहाँ के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को रातों-रात पकड़कर न्यूयॉर्क पहुँचा दिया, जहाँ उन पर मुकदमा चलाया जा रहा है. किसी संप्रभु देश के निर्वाचित राष्ट्रपति को इस तरह अगवा कर लेना आधुनिक इतिहास में लगभग अभूतपूर्व है.


यह केवल वेनेजुएला पर हमला नहीं था, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था पर सीधा प्रहार था. यदि दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य शक्ति किसी भी देश के राष्ट्रपति को जब चाहे उठा सकती है, तो फिर संप्रभुता, राष्ट्र-राज्य और अंतरराष्ट्रीय क़ानून जैसे शब्द केवल किताबों में ही रह जाएंगे.


वेनेजुएला के तुरंत बाद ट्रंप ने ग्रीनलैंड को हथियाने की अपनी मंशा सार्वजनिक कर दी. यह वही ग्रीनलैंड है जो नाटो सैन्य संधि के दायरे में आता है और डेनमार्क के अधीन है. दिलचस्प बात यह है कि नाटो का नेतृत्व स्वयं अमेरिका करता है.


डेनमार्क ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वह ग्रीनलैंड को अमेरिका को सौंपने की मांग स्वीकार नहीं करेगा. कई यूरोपीय देशों ने भी, भले ही धीमे स्वर में, इस पर आपत्ति दर्ज कराई है. यहाँ तक कि डेनमार्क ने यह चेतावनी भी दी है कि यदि अमेरिका ने ग्रीनलैंड पर हमला किया, तो नाटो जैसी सैन्य संधि भी टूट सकती है.


इसके बावजूद, ट्रंप प्रशासन की ओर से पीछे हटने का कोई संकेत नहीं मिला है. यह स्पष्ट करता है कि ट्रंप के लिए मित्र और शत्रु में अंतर केवल सुविधा का है-जहाँ हित टकराए, वहाँ लाठी चलनी तय है.


ईरान में लंबे समय से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों में भी अमेरिका ने खुलकर हस्तक्षेप का संकेत दिया है. अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण ईरान की अर्थव्यवस्था पहले से ही चरमराई हुई है और इसी असंतोष ने जनता को सड़कों पर ला खड़ा किया है.


इसी माहौल में वर्षों से राजनीतिक हाशिए पर पड़े पूर्व क्राउन प्रिंस रजा पहलवी अचानक सक्रिय हो गए हैं. उन्होंने ईरानी जनता से प्रदर्शनों को और तेज़ करने का आह्वान किया है, इस उम्मीद में कि सत्ता परिवर्तन हुआ तो उन्हें फिर से गद्दी मिल सकती है.


उधर, ट्रंप ने चेतावनी जारी कर दी है कि यदि ईरानी सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर “जुल्म” किया, तो अमेरिका हस्तक्षेप करेगा. दुनिया का यह स्वयंभू दरोगा आखिर चुप कैसे रह सकता है, जब उसके ‘कोतवाली क्षेत्र’ में दंगे भड़क रहे हों?


वेनेजुएला हो या ईरान-दोनों देशों की ज़मीन के नीचे तेल है. और जहाँ तेल है, वहाँ अमेरिका, फ्रांस और इंग्लैंड की बहुराष्ट्रीय तेल कंपनियों के हित भी जुड़े होते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि इन कंपनियों के मुनाफ़े की रक्षा कौन करेगा? जवाब साफ़ है-अमेरिकी सेना और अमेरिकी राष्ट्रपति.


यही कारण है कि ट्रंप अपनी चुप्पी तोड़ते हैं, चेतावनियाँ देते हैं और ज़रूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई से भी नहीं हिचकते.


वेनेजुएला और ईरान के बाद ट्रंप की गिद्ध-दृष्टि अब क्यूबा पर टिक गई है. हाल ही में उन्होंने क्यूबा को भी चेतावनी दे डाली है. क्यूबा दशकों से अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद अपनी आज़ादी और संप्रभुता बचाए हुए है.


फिदेल कास्त्रो के दौर से लेकर अब तक, सीआईए ने क्यूबा के खिलाफ अनेक साज़िशें रचीं, लेकिन सभी नाकाम रहीं. लैंग्ली के ‘महाजासूस’ एलेन डलेस तक क्यूबा को झुका नहीं सके. सोवियत संघ के पतन के बाद भी क्यूबा टिके रहना, अमेरिकी नीति-निर्माताओं के लिए हमेशा चुभन का कारण रहा है.


अब ट्रंप उस पुराने घाव को फिर से हरा करना चाहते हैं.


ट्रंप अच्छी तरह जानते हैं कि शीतयुद्ध का दौर अब नहीं रहा. सोवियत संघ इतिहास बन चुका है. रूस भले ही एक बड़ी सैन्य शक्ति हो, लेकिन फरवरी 2022 से यूक्रेन में उलझा हुआ है. जो रूस यूक्रेन को निर्णायक रूप से परास्त नहीं कर पाया, वह अमेरिका को क्या चुनौती देगा-यह सोच ट्रंप को और निडर बनाती है.


चीन अवश्य एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति है, लेकिन उसकी ताक़त फिलहाल व्यापार और अर्थव्यवस्था तक सीमित है. चीन ने ट्रंप के टैरिफ युद्ध का जवाब ज़रूर दिया है, लेकिन वह अमेरिका के खिलाफ सीधे सैन्य टकराव की स्थिति में नहीं है.


इन तमाम परिस्थितियों ने डोनाल्ड ट्रंप का आत्मविश्वास चरम पर पहुँचा दिया है. वे जानते हैं कि यह उनका राष्ट्रपति के रूप में आख़िरी कार्यकाल है. इसके बाद न तो व्हाइट हाउस होगा, न पेंटागन की कमान, न लैग्ली का साथ. इसलिए वे चाहते हैं कि इस सीमित समय में जितना हो सके, उतना “हांक” लिया जाए.


चाहे वह तेल हो, रेयर अर्थ मटेरियल हो या सामरिक ज़मीन-ट्रंप को सब कुछ चाहिए, और तुरंत चाहिए. कभी टैरिफ की धमकी से, कभी प्रतिबंधों से, तो कभी सीधी सैन्य कार्रवाई से.


डोनाल्ड ट्रंप आज की वैश्विक राजनीति में उस सोच के प्रतीक बन चुके हैं, जिसमें नैतिकता, क़ानून और संवाद की जगह ताक़त, दबाव और डर ने ले ली है. वे जितने देशों को अपनी लाठी से हांक सकते हैं, हांक लेना चाहते हैं.


यही तो है-जिसकी लाठी उसकी भैंस

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
अमित शाह- फाइल फोटो
देश-विदेश

विदेश में भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी, राहुल गांधी गांवों का दौरा करें: अमित शाह

11 घंटे पहले

ललित मोदी
देश-विदेश

लंदन को घर मानने वाले IPL के संस्थापक ललित मोदी अब बने ब्रिटिश नागरिक

14 घंटे पहले

Police Encounter
देश-विदेश

प. बंगाल: कांस्टेबल पर हमला करने वाला रतन शेख पुलिस की गोली से ढेर, CM बोले- क्या पुलिस मिठाई खिलाए?

14 घंटे पहले

CRPF- सांकेतिक फोटो
देश-विदेश

सुकमा के मोर्चे से हटी CRPF की 1 बटालियन, अब मणिपुर में संभालेगी सुरक्षा की कमान

14 घंटे पहले

सुवेंदु अधिकारी- मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल
देश-विदेश

पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी सरकार घटाएगी सरकारी छुट्टियां, 50 से घटकर 40 हो सकती है संख्या

19 घंटे पहले

अखिलेश यादव- सपा प्रमुख
देश-विदेश

यूपी चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें- अखिलेश यादव

20 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP