ट्रंप की गिद्धदृष्टि ग्रीनलैंड के विशाल खनिज भंडार पर
ट्रंप की गिद्धदृष्टि ग्रीनलैंड के विशाल खनिज भंडार पर है
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड में बढ़ती दिलचस्पी के पीछे केवल सामरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि वहां छिपे विशाल खनिज संसाधन भी माने जा रहे हैं. आर्कटिक क्षेत्र में स्थित यह बर्फीला द्वीप जिंक, लोहा, यूरेनियम, ग्रेफाइट और दुर्लभ खनिज तत्वों (रेयर अर्थ एलिमेंट्स) के बड़े भंडार के कारण वैश्विक शक्तियों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है.
हाल ही में ट्रंप ने यह कहकर हलचल मचा दी कि “किसी न किसी तरह” ग्रीनलैंड अमेरिका का हिस्सा बनेगा. उन्होंने सैन्य विकल्प से भी इनकार नहीं किया. अमेरिका का आधिकारिक तर्क यह है कि ग्रीनलैंड उत्तर अमेरिका क्षेत्र में स्थित है और अमेरिकी सुरक्षा के लिए रणनीतिक रूप से अहम है, लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि असली वजह इसके विशाल और अब तक काफी हद तक अप्रयुक्त खनिज संसाधन हैं.
ग्रीनलैंड को 1979 में ‘होम रूल’ और 2009 में स्व-शासन का अधिकार मिला, लेकिन वह अब भी डेनमार्क के अधीन है और राजनीतिक रूप से यूरोप का हिस्सा माना जाता है. इसके बावजूद इसकी भौगोलिक स्थिति और प्राकृतिक संपदा इसे अमेरिका के लिए बेहद महत्वपूर्ण बनाती है.
कठोर जलवायु और दुर्गम इलाकों के कारण ग्रीनलैंड के खनिज भंडारों का अब तक व्यापक दोहन नहीं हो सका है. विशेषज्ञों के मुताबिक, यहां दुनिया के आठवें सबसे बड़े रेयर अर्थ एलिमेंट्स के भंडार मौजूद हैं. ये तत्व पवन ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, स्मार्टफोन, मिसाइल सिस्टम और लड़ाकू विमानों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं.
अमेरिका की चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि चीन के पास दुनिया के लगभग 60 प्रतिशत रेयर अर्थ भंडार हैं और वह करीब 90 प्रतिशत का प्रसंस्करण करता है. ऐसे में ग्रीनलैंड के खनिज संसाधन अमेरिका के लिए रणनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.
हालांकि ग्रीनलैंड में फिलहाल केवल दो खदानें ही सक्रिय हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपने संसाधनों के दम पर आत्मनिर्भर बन सकते हैं.