युद्ध से थके पुतिन, फिर भी समझौते के लिए तैयार नहीं- ट्रम्प
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध से थक चुके हैं, लेकिन फिर भी वे किसी समझौते के लिए तैयार नहीं हैं. ट्रम्प ने यह भी विश्वास जताया कि पुतिन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठा सकते हैं.
15 अगस्त को अलास्का के एंकरेज में जॉइंट बेस एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन में ट्रम्प के साथ मुलाकात के बाद पुतिन अपनी शर्तों के साथ मॉस्को लौट गए.
इसके बाद सोमवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में ट्रम्प ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की.
इस बैठक में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर स्टब, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन और नाटो के महासचिव मार्क रट शामिल थे.
बैठक का उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करना था. हालांकि, इस समाधान का रास्ता कितना सहज होगा और क्या कोई समझौता संभव हो पाएगा, इसे लेकर कई लोगों में संदेह बना हुआ है.
ट्रम्प ने पुतिन के इरादों पर संदेह जताते हुए कहा, "पुतिन क्या सोच रहे हैं, यह अगले कुछ हफ्तों में स्पष्ट हो जाएगा. संभव है कि वे समझौता न चाहें. अगर ऐसा है, तो पुतिन को एक जटिल स्थिति का सामना करना पड़ सकता है."
फॉक्स न्यूज़ को दिए साक्षात्कार में ट्रम्प ने युद्ध के भविष्य और पुतिन की मानसिकता को लेकर कई संभावनाओं पर चर्चा की.
युद्ध समाप्ति के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि यह कोई बड़ी समस्या होगी. मुझे लगता है कि पुतिन थक चुके हैं. सभी थक चुके हैं."
ट्रम्प का मानना है कि पुतिन और ज़ेलेंस्की के बीच संबंध बेहतर हो सकते हैं, बशर्ते दोनों पक्ष थोड़ा लचीलापन दिखाएं.
ज़ेलेंस्की के साथ बैठक के बाद ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "बैठक के बाद मैंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की. मैंने ज़ेलेंस्की और पुतिन के बीच एक बैठक का प्रस्ताव रखा है, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसके बाद हम एक त्रिपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों राष्ट्रप्रमुख और मैं शामिल रहूंगा."