ट्रंप का 50% टैरिफ आर्थिक ब्लैकमेल- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय सामानों पर लगाये गए 50% टैरिफ को "आर्थिक ब्लैकमेल" करार दिया. उन्होंने कहा कि यह भारत को एक अनुचित व्यापार समझौते के लिये दबाव डालने की कोशिश है.
ट्रंप ने भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने के लिए 25% अतिरिक्त टैरिफ की घोषणा की थी, जिसके बाद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के हितों को नजरअंदाज नहीं करने देना चाहिये.
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ट्रंप का 50% टैरिफ आर्थिक ब्लैकमेल है - भारत को अनुचित व्यापार समझौते में झुकाने की कोशिश. पीएम मोदी को अपनी कमजोरी के कारण भारतीय लोगों के हितों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिये."
ट्रंप ने बुधवार (6 अगस्त 2025) को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया, जिसका शीर्षक है - "रूसी संघ की सरकार द्वारा अमरीका को खतरों का समाधान".
इस आदेश के तहत भारत से आने वाले सामानों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया गया है, जो 7 अगस्त से प्रभावी 25% टैरिफ के अतिरिक्त है. इस आदेश के बाद, कुछ छूट प्राप्त सामानों को छोड़कर, भारतीय सामानों पर कुल टैरिफ 50% होगा.
यह कदम भारत के कपड़ा, समुद्री और चमड़ा निर्यात जैसे क्षेत्रों को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है.