अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़, 2 माओवादी मारे गए
नारायणपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र के अबूझमाड़ के जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच सोमवार सुबह से मुठभेड़ जारी है. सुरक्षा बलों ने इस मुठभेड़ में दो माओवादी को मारने का दावा किया है.
मारे गए दोनों माओवादियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं. फिलहाल मुठभेड़ जारी है और दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है.
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो रही है. यह मुठभेड़ सोमवार सुबह से ही जारी है.
उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में अब तक दो पुरुष माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं.
साथ ही मुठभेड़ स्थल से जवानों ने AK-47 राइफल सहित हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, प्रचार-प्रसार सामग्री और दैनिक उपयोग की चीजें बरामद किया है.
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया गया है. मुठभेड़ स्थल से और भी माओवादियों के मारे जाने की आशंका है.
बताया गया कि पिछले दो दिनों से अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी. इसी आधार पर नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों की दो अलग-अलग टुकड़ियों को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था.
सोमवार सुबह महाराष्ट्र सीमा से लगे मूसफर्शी के जंगल में जवानों ने माओवादियों को घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई.
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है. अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी.