छत्तीसगढ़ के दो युवकों की तेलंगाना में सड़क हादसे में मौत
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना के रामागुंडम स्थित एनटीपीसी कॉलोनी के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान वैन चालक मनोहर (25) और क्लीनर रौकी सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे.
हादसा उस वक्त हुआ जब हरी मटर से लदी एक वैन सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से जा टकराई. बताया जा रहा है कि कंटेनर का टायर फटने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था.
लेकिन, उसके चालक ने पीछे आ रहे वाहनों को सचेत करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया था. अंधेरा होने और कोई सांकेतिक बोर्ड न होने की वजह से तेज रफ्तार वैन सीधे कंटेनर से जा भिड़ी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही रामागुंडम पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस निरीक्षक वाई. कृष्णा कुमार ने बताया कि मनोहर के पिता की शिकायत पर मध्य प्रदेश निवासी कंटेनर चालक पुष्पेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.