अतिथि शिक्षकों को सेवा समाप्त करने का अल्टीमेटम, टेंट हटाया
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुदूर और बस्तर क्षेत्र के स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों पर अब नौकरी जाने का संकट मंडराने लगा है. पिछले 22 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे इन शिक्षकों को स्कूल शिक्षा विभाग ने कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है.
विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि 27 जुलाई तक आंदोलनकारी शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में काम पर वापस नहीं लौटते हैं, तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएं. इसके साथ ही पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के भी आदेश जारी किए गए हैं.
दुर्ग जिले में चल रहे इस आंदोलन के खिलाफ प्रशासन ने भी अब सख्त रुख अपना लिया है. हिंदी भवन के समक्ष धरने पर बैठे शिक्षकों का टेंट पुलिस ने देर रात हटा दिया और इसके बाद दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया.
नए प्रदर्शनकारियों को जुटने से रोकने के लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. इससे पहले शिक्षकों ने दुर्ग स्थित स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निवास का लगभग 24 घंटे तक घेराव किया था, जिसके बाद मंत्री से बातचीत के आश्वासन पर वे वापस धरना स्थल पर लौटे थे.
प्रशासनिक सख्ती के बावजूद अतिथि शिक्षकों के तेवर अब भी तल्ख हैं. संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई से आंदोलन खत्म नहीं हुआ है और वे मांगों पर ठोस निर्णय होने तक अपना विरोध जारी रखेंगे. शिक्षकों का आरोप है कि सरकार की ओर से अब तक सिर्फ चर्चा का आश्वासन ही मिला है, कोई जमीनी फैसला नहीं लिया गया है.
गौरतलब है कि ये अतिथि शिक्षक संविलियन, सेवा सुरक्षा, समान कार्य के लिए समान वेतन और मानदेय में बढ़ोतरी की मांग पर अड़े हुए हैं. शिक्षकों का कहना है कि वे वर्षों से दूर-दराज और संवेदनशील नक्सल प्रभावित इलाकों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए अब तक कोई स्थायी नीति नहीं बनाई गई है.