छत्तीसगढ़ में डायग्नोस्टिक टेस्ट के दाम में एकरूपता लागू होगी ?
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक लैब में होने वाली मेडिकल जांचों की दरें एक समान करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है. प्रस्तावित योजना के तहत निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों में वही दरें लागू होंगी, जो वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में तय हैं. इससे मरीजों को महंगे निजी शुल्क से राहत मिलने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक केंद्रों के साथ चर्चा कर सहमति बनाने की प्रक्रिया में है. उन्होंने कहा कि इस योजना का मसौदा तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए जा चुके हैं और यह मामला प्रक्रियाधीन है.
वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में कई जांचें या तो मुफ्त हैं या नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध हैं, लेकिन भीड़ और उपकरणों की खराबी के कारण मरीजों को निजी संस्थानों का रुख करना पड़ता है, जहां जांच की लागत कई गुना अधिक होती है. इससे खासकर गंभीर और उन्नत जांच कराने वाले मरीजों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है.
प्रस्ताव के लागू होने के बाद प्रमुख जांचों के लिए मानकीकृत दरें तय की जाएंगी, जिससे मरीज अपने नजदीकी निजी अस्पताल या लैब में ही जांच करा सकेंगे और उन्हें सरकारी अस्पतालों तक जाने की मजबूरी नहीं रहेगी. इससे आउट-ऑफ-पॉकेट खर्च में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है.
अधिकारियों के अनुसार सरकार दरों को अंतिम रूप देने से पहले सभी पक्षों से विचार-विमर्श कर रही है, ताकि निजी अस्पतालों और लैब संचालकों का सहयोग भी सुनिश्चित हो और मरीजों के हितों की रक्षा भी हो सके. योजना लागू होने के बाद निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों को स्वीकृत दर सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा.
सरकारी और निजी दरों की तुलना में फिलहाल बड़ा अंतर है. उदाहरण के तौर पर, सरकारी अस्पतालों में 50 से 250 रुपये में होने वाली रक्त जांच निजी लैब में 200 से 500 रुपये तक में कराई जाती है. वहीं, बीपीएल और आयुष्मान योजनाओं के तहत सरकारी संस्थानों में 500 रुपये तक में उपलब्ध सीटी स्कैन और एमआरआई निजी केंद्रों में क्रमशः 10,000 और 15,000 रुपये तक में किए जाते हैं.