विवाद के बाद केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने ₹99 लाख की सब्सिडी लौटाई
नई दिल्ली । डेस्क: अपने खेत में खीरे की खेती के लिए अपने ही मंत्रालय के अधीन संचालित योजना से 99 लाख रुपये की सब्सिडी लेने के मामले में विवाद बढ़ने के बाद केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने पूरी राशि वापस कर दी है. केंद्र सरकार ने संसद में लिखित जवाब के जरिए यह जानकारी साझा की.
हालांकि, सरकार ने लोकसभा में स्पष्ट किया कि मौजूदा दिशा-निर्देशों में ऐसी सरकारी योजनाओं के तहत सब्सिडी प्राप्त करने के लिए संवैधानिक या सरकारी पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए 'हितों के टकराव' (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) को लेकर कोई विशिष्ट प्रतिबंध या प्रावधान शामिल नहीं है.
यह पूरा विवाद राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की एक योजना से जुड़ा है, जो केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अंतर्गत आता है.
राजस्थान के अजमेर से सांसद भगीरथ चौधरी इस बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं.
इस योजना के तहत संरक्षित खेती के लिए कुल लागत का 50 प्रतिशत तक (अधिकतम 1 करोड़ रुपये प्रति परिवार) अनुदान दिया जाता है.
मंत्री के पास 16,592 वर्ग मीटर का एक फार्म है, जिसके लिए पिछले वर्ष 99 लाख रुपये की सब्सिडी स्वीकृत की गई थी. विपक्षी दलों द्वारा इस पर तीखे सवाल उठाए जाने के बाद संसद में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने इस मुद्दे को उठाते हुए पारदर्शिता और समीक्षा योजनाओं पर केंद्र से जवाब मांगा था.
संसद में अन्य कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने लिखित उत्तर में बताया कि भगीरथ चौधरी ने सब्सिडी का पैसा संबंधित बैंक में वापस जमा करा दिया है और बैंक को यह राशि पुनः राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड को भेजने का निर्देश दिया गया है.
सरकार ने यह भी जानकारी दी कि भगीरथ चौधरी के अलावा राजस्थान के सिरोही से भाजपा सांसद लुम्बाराम ने भी इस योजना का लाभ उठाया है.
सरकार ने अपने रुख को साफ करते हुए कहा कि सब्सिडी आवंटन की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है, जिसमें केवल पात्रता मापदंडों और तय शर्तों के आधार पर ही सभी आवेदनों का मूल्यांकन किया जाता है.