भारत पर 50% अमरीकी टैरिफ़ लागू
नई दिल्ली | डेस्क: अमरीकी सरकार ने भारत से आयातित वस्तुओं पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ़ लागू करने का औपचारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. यह बढ़ा हुआ शुल्क 27 अगस्त 2025 (बुधवार) सुबह 9:30 बजे भारतीय समयानुसार से प्रभावी हो गया है.
इससे पहले अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाया था, जिसे अब अतिरिक्त 25 प्रतिशत से बढ़ा दिया गया है. इस तरह, भारतीय वस्तुओं पर कुल टैरिफ़ दर अब 50 प्रतिशत हो गई है.
वाणिज्य विभाग द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि "27 अगस्त 2025 को या उसके बाद अमेरिका में उपयोग के लिए आयातित या गोदाम से बाहर निकाला गया कोई भी भारतीय उत्पाद इस बढ़े हुए शुल्क के दायरे में आएगा."
रूस-भारत ऊर्जा सहयोग पर ट्रंप की आपत्ति
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह टैरिफ़ भारत द्वारा रूस से कच्चा तेल खरीदने के चलते लगाया है. ट्रंप ने आरोप लगाया है कि भारत, रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध में अप्रत्यक्ष रूप से रूस की मदद कर रहा है, जो अमेरिका की विदेश नीति के खिलाफ है.
ट्रंप ने कहा,"अगर कोई देश हमारे दुश्मनों को ताकत दे रहा है, तो वह हमारे व्यापार का भागीदार नहीं हो सकता. भारत को यह समझना होगा कि वह अमेरिका या रूस में से किसके साथ खड़ा होना चाहता है."
भारत ने अमरीकी टैरिफ़ वृद्धि को "अनुचित, अकारण और तर्कहीन" बताया है. भारत सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह कदम वैश्विक व्यापार नियमों का उल्लंघन है और इससे भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बयान में कहा,"भारत ऊर्जा खरीद को अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार तय करता है. हम किसी भी एकतरफा दबाव को स्वीकार नहीं करेंगे."
पृष्ठभूमि: कैसे बढ़ा टैरिफ़ का तनाव?
अप्रैल 2025 : राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर 26% टैरिफ़ लगाने की घोषणा की थी, लेकिन इसे 90 दिनों के लिए टाल दिया गया.
जुलाई 2025: ट्रंप ने एक अगस्त से 25% टैरिफ़ लागू करने का आदेश दिया.
अगस्त 2025: ट्रंप ने घोषणा की कि भारत पर एक और 25% टैरिफ़ लगाया जाएगा, जिससे कुल दर 50% हो गई.
27 अगस्त 2025: 50% टैरिफ़ का आधिकारिक रूप से कार्यान्वयन शुरू हो गया.
इधर भारतीय निर्यातकों के लिए यह टैरिफ़ भारी झटका माना जा रहा है, खासकर टेक्सटाइल, ऑटो पार्ट्स, रसायन, इंजीनियरिंग गुड्स जैसे क्षेत्रों में इसका गहरा असर पड़ने की आशंका है.
अमरीकी कंपनियां, जो भारतीय कच्चे माल या उत्पादों पर निर्भर हैं, उन्हें भी लागत बढ़ने की समस्या का सामना करना पड़ेगा. यह टैरिफ़ विवाद WTO (विश्व व्यापार संगठन) तक भी पहुंच सकता है, जहां भारत इसे चुनौती दे सकता है.
हालांकि भारत सरकार अब राजनयिक बातचीत के माध्यम से समाधान तलाशने पर विचार कर रही है. सूत्रों के अनुसार, अमेरिका के साथ ट्रेड वार्ता फिर से शुरू करने की संभावनाएं हैं, लेकिन ट्रंप प्रशासन के सख्त रुख को देखते हुए निकट भविष्य में कोई राहत मिलना मुश्किल माना जा रहा है.