अमेरिका: नाम और धर्म पूछकर भारतीय पर चाकू से 15 वार
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के यूटा में धर्म पूछकर एक भारतीय नागरिक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. वेस्ट वैली सिटी के वैली सिटी मॉल में काम करने वाले सैयद सोहैलुद्दीन पर पीटर माइकल लार्सन नाम के शख्स ने चाकू से ताबड़तोड़ 15 वार किए. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने पीड़ित के मुस्लिम होने और उसके धार्मिक विश्वासों के कारण उसे निशाना बनाया.
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, हमलावर ने पुलिस के सामने यह माना है कि वह खुद को एक 'कैटलिस्ट' समझता है और उसका मकसद मुस्लिमों की जान लेना है.
घटना के वक्त वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और सोहैलुद्दीन के सहयोगियों ने बताया कि लार्सन ने हमला करने से ठीक पहले पीड़ित से उसका नाम, वह कहां का रहने वाला है और उसका धर्म क्या है, जैसे सवाल पूछे थे.
इस दौरान मॉल में मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसकी पिटाई कर हमला रोका. फिलहाल, गंभीर रूप से घायल सोहैलुद्दीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी सर्जरी की गई है, वहीं आरोपी को भी चोटें आने के बाद अस्पताल ले जाया गया.
इस हिंसक घटना के बाद सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास (Consulate General of India) ने मामले पर गहरी नजर बनाए रखने की बात कही है. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि वे पीड़ित के परिवार और दोस्तों के लगातार संपर्क में हैं और हर संभव राजनयिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं.
इसके साथ ही भारतीय दूतावास इस मामले को लेकर स्थानीय अधिकारियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है.
काउन्सिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस (CAIR) समेत कई मानवाधिकार और धार्मिक संगठनों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. स्थानीय धार्मिक नेताओं का कहना है कि पिछले कुछ समय से अमेरिका में मुस्लिम विरोधी बयानों और नफरत से प्रेरित घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है.
फिलहाल स्थानीय पुलिस ने आरोपी पीटर माइकल लार्सन को हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित खतरनाक हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और सॉल्ट लेक काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं.