मंदिर में तोड़फोड़, थाने का घेराव
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में शिव और हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ करने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने बजरंग दल के साथ जामुल थाने का घेराव कर दिया.लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह की है. घासीदास नगर क्षेत्र में एक युवक ने शिवलिंग को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की.
इसके अलावा पेड़ के नीचे स्थित हनुमान मंदिर का झंडा उखाड़ कर फेंक दिया. इससे मोहल्ले में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी.
घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय वार्डवासियों ने बड़ी संख्या में जामुल थाने का घेराव कर दिया.
आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे.
पुलिस तनाव बढ़ता देख तत्काल कार्रवाई करते हुए उसी इलाके के अब्दुल शहजाद नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
बजरंग दल के कार्यकर्ता पुष्पराज सिंह ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने पहले घर के सामने बने तुलसी चौरे को निशाना बनाया.
फिर मंदिर की प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाया. आरोपी पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.