सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

‘वीबी-जी राम जी कानून’ रद्द हो, मनरेगा को फिर मज़बूत करे- सीटू

C

CG Khabar

03 जन. 2026, 05:44 PM 3 मिनट में पढ़ें 12

सीटू सम्मेलन
सीटू सम्मेलन

विशाखापत्तनम । डेस्क: विशाखापत्तनम में आयोजित सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) के 18वें अखिल भारतीय सम्मेलन में केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) कानून, 2025’ यानी वीबी-जी राम जी कानून को पूरी तरह रद्द करने की ज़ोरदार मांग उठी. साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), 2005 को पुनर्बहाल कर उसे और सशक्त बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.


गुरुवार 1 जनवरी 2026 को सम्मेलन के दूसरे दिन लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए सीटू के महासचिव तपन सेन ने कहा कि नया कानून प्रतिगामी और जनविरोधी है, जिसके जरिए मनरेगा को व्यवहार में समाप्त कर दिया गया है. 

विज्ञापन


उनके अनुसार, इस कानून से ग्रामीण परिवारों का रोजगार पाने का कानूनी अधिकार और बेरोजगारी भत्ता पाने का अधिकार खत्म हो गया है. रोजगार को नागरिक का अधिकार मानने के बजाय इसे सरकारों की इच्छा पर निर्भर एक योजना बना दिया गया है, जिससे करोड़ों ग्रामीण मजदूरों का भविष्य असुरक्षित हो गया है.


तपन सेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने नए कानून के तहत अपनी वित्तीय जिम्मेदारी से बचते हुए परियोजना लागत का 40 प्रतिशत बोझ राज्यों पर डाल दिया है, जो संविधान में निहित संघीय ढांचे के खिलाफ है. 


उन्होंने कहा कि कई राज्य इस बोझ को उठाने की स्थिति में नहीं हैं, जिसके कारण योजना का क्रियान्वयन कमजोर होगा और ग्रामीण रोजगार के अवसर और सिमट जाएंगे. 


उन्होंने याद दिलाया कि 2005 से मनरेगा ने सामाजिक सुरक्षा के एक मजबूत स्तंभ के रूप में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संभाले रखा था, लेकिन नया कानून उसी नींव को तोड़ रहा है.


सम्मेलन में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) की भी तीखी आलोचना की गई. सीटू महासचिव ने कहा कि ये कोड मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि संगठित श्रमिक आंदोलन को कमजोर करने के उद्देश्य से बनाए गए हैं. 


उनका आरोप था कि सरकार चाहती है कि देश में कोई मजबूत ट्रेड यूनियन न रहे. उन्होंने यह भी कहा कि बीते पांच वर्षों से चले मजदूर आंदोलनों के कारण ही विशाखापत्तनम स्टील प्लांट अब तक निजीकरण से बचा हुआ है.


सम्मेलन में पारित एक अन्य प्रस्ताव में ‘सस्टेनेबल हार्नेसिंग एंड एडवांसमेंट ऑफ न्यूक्लियर एनर्जी फॉर ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया (शांति) कानून, 2025’ की कड़ी निंदा की गई. सीटू का आरोप है कि इस कानून के जरिए जल्दबाज़ी में संसद से पारित कर परमाणु ऊर्जा अधिनियम, 1962 और न्यूक्लियर क्षतिपूर्ति दायित्व अधिनियम, 2010 को खत्म कर दिया गया. 


संगठन का कहना है कि यह कानून जनविरोधी और संप्रभुता के खिलाफ है, जिससे देश के सबसे संवेदनशील और रणनीतिक क्षेत्र को देशी-विदेशी कॉरपोरेट हितों के लिए खोल दिया गया है. इससे सुरक्षा, जवाबदेही, लोकतांत्रिक निगरानी और मजदूर अधिकारों को गंभीर नुकसान पहुंचेगा.


सम्मेलन के अंत में सीटू ने मजदूर वर्ग से केंद्र सरकार की श्रम और आर्थिक नीतियों के खिलाफ एकजुट और सतत आंदोलन तेज करने का आह्वान किया. सीटू नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठित प्रतिरोध के बिना इन जनविरोधी नीतियों का मुकाबला संभव नहीं है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP